{"_id":"6a1ab34b1a845b1b530d4987","slug":"accused-of-murder-and-cattle-smuggling-injured-in-police-encounter-in-ghazipur-2026-05-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़: हत्या और गो-तस्करी के मामले में आरोपी कुख्यात बदमाश गिरफ्तार, गोली लगने से घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़: हत्या और गो-तस्करी के मामले में आरोपी कुख्यात बदमाश गिरफ्तार, गोली लगने से घायल
Sat, 30 May 2026 03:22 PM IST
Pragati Chand
अमर उजाला नेटवर्क, गाजीपुर।
अमर उजाला नेटवर्क, गाजीपुर।
Published by: Pragati Chand
Updated Sat, 30 May 2026 03:22 PM IST
सार
Ghazipur News: गाजीपुर जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या व गो-तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई में बदमाश को गोली लगी।
विज्ञापन
पुलिस के गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हत्या और गो-तस्करी के मामलों में वांछित एक कुख्यात बदमाश को जंगीपुर पुलिस ने शुक्रवार की रात मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
विज्ञापन
सीओ सिटी शेखर सेंगर ने बताया कि शुक्रवार रात जंगीपुर थाना प्रभारी शिवमणि त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मदारपुर मार्ग स्थित बघोल पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर वह बाइक मोड़कर कच्चे रास्ते से भागने लगा।
विज्ञापन
पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
इसे भी पढ़ें; Sonbhadra News: एक साल पहले सील अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत, ऑपरेशन बेड पर छोड़कर डॉक्टर भागे
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जियाऊद्दीन उर्फ जियाऊ कुरैशी (35) पुत्र आजम कुरैशी निवासी नोनहरा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट और बिना चेसिस नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई।
सीओ सिटी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध हत्या, आर्म्स एक्ट और गोवध निवारण अधिनियम समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और कई मामलों में वांछित चल रहा था।
पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में जंगीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई भी प्रचलित है।