सोनभद्र में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर ट्रॉली ने साइकिल व बाइक सवारों को रौंदा, युवक की मौत, दो घायल; कोहराम
UP Accident: जिले में सड़क हादसे की सूचना पाकर माैके पर घोरावल कोतवाली की पुलिस पहुंच गई। घायलों को अस्पताल भेजा गया था, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Accident News: सोनभद्र के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के बरौधी गांव में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने साइकिल सवार युवक समेत बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार मामा-भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार डोरिहार गांव निवासी राजेश कोल (27) पुत्र लल्लन कोल गुरुवार रात हरि कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होकर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। बरौधी गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजेश की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने लगा। करीब आधा किलोमीटर आगे उसने बाइक सवार रामधनी विश्वकर्मा (49) निवासी मुंगेहरी और उनके मामा गुलशन (60) निवासी सोनहटी को भी टक्कर मार दी। दोनों एक बारात समारोह से लौट रहे थे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह और चौकी प्रभारी त्रिभुवन राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों और मृतक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद रामधनी और गुलशन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार रामधनी का पैर और गुलशन का हाथ टूट गया है।
पुलिस ने शुक्रवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं फरार चालक और ट्रैक्टर ट्रॉली की तलाश शुरू कर दी गई है। बताया गया कि मृतक राजेश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसके दो छोटे बेटे हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी हादसे के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।