UP Accident: सोनभद्र में हादसे...तीन की मौत, युवक को ट्रक ने कुचला; केबिन में फंसकर निकली जान
यूपी के सोनभद्र जिले में सड़क हादसों में तीन युवकों ने अपनी जान गंवा दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया। उधर, परिजनों में कोहराम मच गया था।
विस्तार
Road Accident in Sonbhadra: रॉबर्ट्सगंज कोतवाली के हिंदुआरी क्षेत्र में ओवरटेक की कोशिश में ट्रेलर के पेड़ में टकराने से चालक कामरान (30) की जान गई तो डाला में बाड़ी के पास बाइक सवार फूलचंद गोंड (30) अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। रेणुकूट में देर शाम ट्रक के पहिए से कुचलकर बाइक सवार सलमान (25) की मौत हुई।
गाजीपुर जिले के जमानिया कोतवाली अंतर्गत ताजपुर कुर्रा गांव निवासी कामरान ट्रेलर चलाता था। शुक्रवार की सुबह करीब पौने आठ बजे वह ट्रेलर लेकर मिर्जापुर की तरफ जा रहा था। हिंदुआरी पुलिस चौकी क्षेत्र के बगही गांव के पास एक ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान ट्रेलर यात्री शेड व पेड़ से टकरा गया।
हादसे में ट्रेलर चालक कामरान को गंभीर चोट आई। वह केबिन में ही फंस गया। सूचना पर पहुंचे हिंदुआरी चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह ने जेसीबी बुलाकर ट्रेलर चालक को केबिन से बाहर निकलवाया, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों में मचा कोहराम
दूसरी घटना में दुद्धी के झारो खुर्द गांव निवासी फूलचंद अपने गांव के ही राहुल के साथ चोपन की तरफ आया था। दोनों देर रात वापस लौट रहे थे। डाला के बाड़ी में पेट्रोल पंप के पास फ्लाईओवर पर किसी वाहन ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए।
डाला चौकी प्रभारी आशीष पटेल ने घायलों को चोपन सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने फूलचंद को मृत घोषित कर दिया। उधर, शुक्रवार की शाम लगभग 4 बजे पिपरी नगर पंचायत के वार्ड पांच निवासी सलमान बाइक से रेणुकूट से मुर्धवा की ओर जा रहा था।
इसी दौरान उसके बगल से एक ट्रक गुजर रहा था। अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और सलमान सीधे ट्रक के पहिए की चपेट में आ गया। ट्रक का पहिया उसके ऊपर चढ़ने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पिपरी एसओ सत्येंद्र राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।