सोनभद्र। सदर विकास खंड के उरमौरा गांव में स्थित डायट परिसर में शनिवार को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय एवं संकल्प योजना के संयुक्त तत्वाधान में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें आईटी, पावर, हेल्थकेयर, हॉस्पिटलिटी, माइन, कंस्ट्रक्शन, रिटेल, बैंकिंग, मोबाइल, सीमेंट एवं सिक्योरिटी सेक्टर से 83 कंपनियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। मेले में कई कंपनियों ने सैकड़ों युवाओं का चयन कर उन्हें नियुक्ति पत्र भी दिया।
जिले के बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराने के लिए शासन और जिला प्रशासन की ओर से पहल तेज कर दी गई है। उसी क्रम में शनिवार को डायट परिसर में आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों ने युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार मुहैया कराया। राजकीय आईटीआई कॉलेज के प्रधानाचार्य/जिला समन्वयक यजुवेंद्र नाथ बताया कि मेले में लगभग 5000 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया, जिसमें लगभग 3200 युवाओं को शार्ट लिस्ट किया गया। इसमें से 980 युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र दिश्या गया। मेले के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद रामशकल, विशिष्ट अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे, सीडीओ सौरभ गंगवार, जिलाध्यक्ष अजीत चौबे रहे। उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई। युवाओं को हुनरमंद बनकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।