जिले के नगरीय निकायों में सोमवार को संभव दिवस के तहत जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें साफ-सफाई, पेयजल, मार्ग प्रकाश और सड़क मरम्मत समेत अन्य समस्याओं से संबंधित कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं। नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारियों ने शिकायतों को संबंधित कर्मचारियों को भेजकर तत्काल निस्तारण कराया।
नगर पालिका परिषद सोनभद्र में अध्यक्ष रूबी प्रसाद और अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार की अध्यक्षता में संभव दिवस आयोजित हुआ। सभी नगर निकायों में भी जनसुनवाई की गई। नगर पालिका परिषद सोनभद्र में दो, नगर पंचायत घोरावल में एक, चुर्क घुर्मा में दो, चोपन में पांच, ओबरा में चार, रेणुकूट में तीन, पिपरी में दो, दुद्धी में दो, डाला बाजार में एक और अनपरा में दो शिकायतें प्राप्त हुईं। इस प्रकार सभी निकायों में कुल 24 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें मुख्य रूप से साफ-सफाई, पेयजल, मार्ग प्रकाश और सड़क से संबंधित समस्याएं शामिल रहीं। नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद एवं अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि जनता की समस्याओं से रूबरू होकर उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई की जा रही है। इस मौके पर सभासद अनवर अली, मनोज चौबे, राजेश और नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।