सोनभद्र: कार में ले जा रहे थे 1.70 क्विंटल गांजा, छह गिरफ्तार, कीमत 17 लाख रुपये से भी ज्यादा
सोनभद्र जिले के करमा थाने की पुलिस ने मंगलवार की रात दो कार सवार छह गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया। दोनों वाहनों से 1.70 क्विंटल गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा की कीमत 17 लाख रुपये आंकी गई है।
बुधवार को सदर कोतवाली में प्रेसवार्ता के दौरान एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात करमा थाना गेट के पास स्वाट टीम प्रभारी अमित तिवारी, एसओजी प्रभारी साजिद सिद्दीकी, सर्विलांस प्रभारी सरोजमा सिंह और करमा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष विनोद कुमार वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान केकराही की तरफ से मिर्जापुर की ओर जा रही दो कार चेकिंग स्थल पर पहुंची।
चेकिंग करने पर कारों से गांजा के साथ छह युवक पकड़े गए। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि पकड़े गए प्रयागराज के करैली निवासी मो. शरीफ उर्फ राजू, अकबरपुर मोहल्ला निवासी नसीम, कौशांबी के सरायकिल निवासी सत्यम केशरवानी, आशीष कुमार, अनिकेत तिवारी उर्फ छोटू और प्रतापगढ़ निवासी संजय केशरवानी की निशानदेही पर कारों के अंदर फर्श के नीचे बने बाक्स में छिपाकर रखे गए गांजा के बंडलों को बरामद किया गया।
बरामद एक क्विंटल 70.54 किलो ग्राम की कीमत करीब 17 लाख है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का अभियोग पंजीकृत कर चालान कर दिया गया। गांजा तस्करों को पकड़ने में दारोगा शेषनाथ यादव, हेड कांस्टेबल अतुल सिंह, चंद्रभान यादव, अरविन्द सिंह, जगदीश मौर्या, अमर सिंह, शशि प्रताप सिंह, हरिकेश यादव, रितेश पटेल सौरभ राय, प्रकाश सिंह, अमित सिंह, दिलीप कश्यप, योगेंद्र नाथ उपाध्याय, मनिराम सिंह, मृत्युंजय सिंह, अनिल कुमार, शशिकांत, प्रयागराज सिंह, आशीष मिश्रा का अहम योगदान रहा। पुलिस टीम को 25 हजार का नकद पुरस्कार दिया गया।