{"_id":"6a7888d12cecac651205ba51","slug":"sitapur-16-18-rounds-fired-at-woman-s-house-amid-land-dispute-death-threats-issued-2026-08-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sitapur: जमीन के विवाद में महिला के घर 16-18 राउंड फायरिंग, हत्या की धमकी, आईपीएस के पिता पर आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sitapur: जमीन के विवाद में महिला के घर 16-18 राउंड फायरिंग, हत्या की धमकी, आईपीएस के पिता पर आरोप
Sun, 09 Aug 2026 08:20 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya
अमर उजाला नेटवर्क, सीतापुर
अमर उजाला नेटवर्क, सीतापुर
Published by: Ishwar Ashish Bhartiya
Updated Sun, 09 Aug 2026 08:20 PM IST
सार
महिला ने आरोप लगाया कि रविवार दोपहर करीब दो बजे डीसीएम में सवार होकर 24-25 लोग असलहों के साथ उनके घर पहुंचे। घर के बाहर पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी गई। इसके बाद अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई। घटना के समय वह घर में अकेली थीं।
विज्ञापन
महिला ने लगाया आरोप।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
महोली में जमीन विवाद को लेकर रविवार को अढ़ौरी बाईपास मोड़ के पास महिला के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि डीसीएम से पहुंचे करीब 24-25 हथियारबंद लोगों ने उसके घर के बाहर 16 से 18 राउंड गोलियां चलाईं। आरोप है कि उसे घर से बाहर खींचकर हत्या करने की धमकी भी दी गई। घटना से एनएच-30 किनारे स्थित गाजीपुर बाजार में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर जे बी पांडेय ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
अढ़ौरी बाईपास निवासी मुनीश की पत्नी शोभना शुक्ला ने बताया कि वह मूल रूप से देवरिया गांव की रहने वाली हैं। वर्ष 2018 में उन्होंने अढ़ौरी बाईपास पर 19 बिसुआ जमीन का बैनामा कराया था। जमीन के एक हिस्से पर मकान बनाकर वह परिवार के साथ रह रही हैं, जबकि बाकी जमीन पर भी उनका कब्जा है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें - धर्मांतरण की सूचना पर चर्च पहुंचा बजरंग दल, पांच लोगों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया
विज्ञापन
ये भी पढ़ें - काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ: सीएम योगी बोले- सीएम योगी, बोले- हर घर लहराए तिरंगा, हर संस्था में गूंजे वंदे मातरम्
शोभना का कहना है कि कैमहरा गांव निवासी मयंक बाजपेई आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में झारखंड में प्रशिक्षु आईपीएस के तौर पर तैनात हैं। आरोप है कि इसी जमीन को लेकर मयंक के पिता विपिन बाजपेई ने वर्ष 2022 में बैनामा कराया था। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शोभना के अनुसार, करीब दो महीने पहले महोली तहसील में जमीन से जुड़े मामले में फैसला उनके पक्ष में आया था। इसके बावजूद दूसरे पक्ष के लोग जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
आरोप लगाया कि रविवार दोपहर करीब दो बजे डीसीएम में सवार होकर 24-25 लोग असलहों के साथ उनके घर पहुंचे। घर के बाहर पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी गई। इसके बाद अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई। घटना के समय वह घर में अकेली थीं। उनके पति और बच्चे देवरिया गांव गए हुए थे।
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से खोखे बरामद किए। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी भय का माहौल बना रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जमीन के दस्तावेजों, दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद और फायरिंग की घटना से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।