बारिश ने जिलों में मचाई तबाही: सीतापुर, बाराबंकी और बहराइच में कई मौतें, पेड़ के नीचे दबकर कारोबारी क मौत
यूपी के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से हुए हादसों में एक मासूम और एक दूध कारोबारी की दर्दनाक मौत हो गई। चार साल के मासूम पर दीवार का मलबा गिर गया। वहीं, पेड़ के नीचे दबकर कारोबारी की मौत हो गई।
विस्तार
लगातार हो रही बारिश के चलते कोतवाली महमूदाबाद के ग्राम माल सराय में शनिवार को ईंट की दीवार गिरने से दो बालक मलबे के नीचे दब गए। हादसे में चार वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, बाराबंकी में एक दूध कारोबारी पर पेड़ गिरने से मौत हो गई।
शनिवार को ग्राम माल सराय में अचानक ईंट की दीवार भरभराकर गिर गई। इसकी चपेट में आकर सूर्यांश (4) पुत्र अनुज कुमार और शिवांश (8) पुत्र अंकुश दीवार के मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन दोनों बालकों को मलबे से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने सूर्यांश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शिवांश की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है।
बाराबंकी: बेलहरा में पेड़ के नीचे दबा दूध कारोबारी, मौत
संजय वर्मा दूध का कारोबार करते थे। शनिवार को वह मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के छेदा बाजार दूध बेचने गए थे। दूध बेचने के बाद वह अपनी बाइक से घर वापस आ रहे थे। छेदा पारा के संपर्क मार्ग पर झबरापुर गांव के पास यह हादसा हुआ। अचानक सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा पेड़ उनकी बाइक पर आ गिरा। पेड़ की चपेट में आने से संजय दब गए। ग्रामीणों ने तुरंत पेड़ हटाकर उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने नायब तहसीलदार के साथ राजस्व टीम को मौके पर भेजकर जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जांच प्रक्रिया जारी है।
बहराइच: भारी बारिश और तेज हवाओं ने मचाई तबाही, दीवार गिरने से महिला व ग्रामीण की मौत, ट्रेनें रद्द
लगातार हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं ने शनिवार को जिलेभर में जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया। पिछले 24 घंटे में जिले में 239 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश और आंधी से कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। कच्चे मकान और टिन शेड क्षतिग्रस्त हुए, जबकि धान, गन्ना और केले की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। कैसरगंज के देवलखा और नानपारा के भटेहटा गांव में शुक्रवार रात कच्ची दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर महिला व ग्रामीण की मौत हो गई।
अलग-अलग स्थानों पर पांच लोग घायल हुए। रास्तों पर पेड़ गिरने से घंटों यातायात प्रभावित रहा। भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक के बाद एक पेड़ गिरने से गोंडा-नेपालगंज रेलखंड का संचालन प्रभावित हो गया। बहराइच से गंगाधाम के बीच करीब सात स्थानों पर पेड़ गिरने की सूचना मिलने के बाद रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इस प्रखंड की सभी ट्रेनों को आगामी आदेश तक रद्द कर दिया।