देवरानी-जेठानी ने लुटेरों को छक्के छुड़ाए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कानपुर में कल्याणपुर के दयानंद विहार में शनिवार को देवरानी सारिका और जेठानी खुशबू ने बाइक सवार लुटेरों के छक्के छुड़ा दिए। घर के पास चेन लूट रहे दो लुटेरों से महिलाएं भिड़ गईं। लुटेरों ने गोली चलाई, सिर पर कट्टे की बट मारी फिर भी दोनों महिलाएं हिम्मत नहीं हारीं और एक लुटेरे को दबोच ही लिया। शोर-शराबा सुनकर कुछ लोग दौड़े तो दूसरा लुटेरा फायरिंग करते हुए भाग निकला। पकडे़ गए लुटेरे की पहचान कन्नौज के तिर्वा निवासी अजय उर्फ छोटू उर्फ कुलदीप के रूप में हुई है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम फरार लुटेरे की तलाश में जुट गई है। इधर, एसपी ग्रामीण ने जेठानी को वीरता पुरस्कार दिलाने का भरोसा दिया है।
खुशबू के पति सुरजीत कटियार और सारिका के पति संजीव कटियार हैं। दोनों परिवार सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट कैंपस में रहते हैं। खुशबू ने बताया कि शनिवार सुबह वह और सारिका अपनी बुआ रेशमा के घर बैरी कल्यानपुर से पैदल लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पीछे लग गए। पहले तो उन दोनों ने गौर नहीं किया। घर के करीब गली के मोड़ पर एक युवक बाइक से उतरा और उसने खुशबू पर तमंचा अड़ाकर सोने की चेन तोड़ ली व पर्स छीनने लगा।
खुशबू ने हिम्मत कर तुरंत लुटेरे को पकड़ लिया। लुटेरे ने भी खुशबू के सिर पर तमंचे की बट से वार करने शुरू कर दिए, लेकिन उसने लुटेरे को नहीं छोड़ा।
भाग निकला एक लुटेरा, दूसरा धराया
इधर, सारिका ने शोर मचाना शुरू कर दिया तभी स्टार्ट बाइक पर बैठे दूसरे युवक ने उस पर फायर झोंक दिया। किस्मत अच्छी रही कि गोली सारिका के सिर के ऊपर से निकल गई। इसके बाद बाइक पर सवार लुटेरे ने दोनों महिला के पर्स और जेवर छीन लिए। शोर सुनकर पड़ोसी दौड़ पड़े। एक तरफ लुटेरे की ओर से लगातार चोट मिलने के बावजूद खुशबू ने पकड़ में आए लुटेरे को नहीं छोड़ा। दूसरी ओर पड़ोसी बाइक वाले लुटेरे की ओर लपके।
उसने एक गोली चलाई तो एक पड़ोसी ने हाथ मार दिया, इससे तमंचे की नाल नीचे हो गए और गोली के छर्रे उनके पैर में जा घुसे। फिर वह लुटेरा बाइक समेत जेवर-पर्स लेकर भाग निकला। इधर, पकड़े गए लुटेरे की जमकर धुनाई हुई। हालांकि तब तक वह खुशबू के साथ-साथ सारिका को भी चुटहिल कर चुका था। भीड़ ने उसके पास से एक तमंचा, छह कारतूस और मोजे में छिपाकर रखा पेंचकस बरामद किया।
लुटेरे और पीड़ित देवरानी-जेठानी को थाने लाया गया। वहां एसपी ग्रामीण डॉ. अनिल मिश्र और क्राइम ब्रांच ने अलग-अलग पूछताछ की। खुशबू ने बताया कि लुटेरा उनकी सोने की चेन, पर्स में रखा मंगलसूत्र और एक जोड़ी झुमकी तथा देवरानी की चेन और एक कान का झाला नोंच ले गया।
एसपी ग्रामीण डॉ. अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि पकड़े गए लुटेरे अपना नाम अजय उर्फ छोटू उर्फ कुलदीप और निवासी तिर्वा कन्नौज बताया है। यहां मसवानपुर में किराए पर कमरा लेकर रहना बताया है। तस्दीक कराई जा रही है। फरार लुटेरे का नाम राजीव बताया गया है। जल्द ही वह भी पकड़ा जाएगा। उम्मीद है कि दोनों से कई पुरानी लूट का भी खुलासा होगा।