फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Siddharthnagar News ›   SP leaders Poll officials opened

सपा नेताओं ने खोली अफसरों की पोल

Thu, 28 Jul 2016 10:42 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला सिद्धार्थनगर
ब्यूरो/अमर उजाला सिद्धार्थनगर Updated Thu, 28 Jul 2016 10:42 PM IST
विज्ञापन
SP leaders Poll officials opened
पुलिस लाइन में हुई समीक्षा बैठक में मौजूद लोग। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। जिले में बांध टूटने के बाद मची तबाही का जायजा लेने आए सिंचाई व लोक निर्माण मंत्री शिवपाल यादव के सामने पार्टी नेताओं का गुस्सा खुलकर नजर आया। मंत्री के सामने सारे नेताओं ने एक सुर में अधिकारियों की लापरवाही गिनाई और कहा कि बाढ़ से पहले बांधों की मरम्मत के लिए कोई काम नहीं हुआ। बाढ़ आने के बाद भी अधिकारी गैरजिम्मेदार बने हुए हैं और कुछ का तो फोन भी नहीं उठता। प्रभावित इलाकों में प्रशासन की तरफ से अभी राहत सामग्री तक नहीं बट पा रही है और लोग तीन दिनों से पानी में फंसे हुए हैं।
विज्ञापन

कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव का उडनखटोला पुलिस लाइन में बने हेलीपैड पर दोपहर 12.40 बजे उतरा। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, प्रमुख सचिव सिंचाई सुरेश चंद्रा व समाजवादी चिंतक दीपक मिश्रा भी मौजूद थे। हेलीकाप्टर से उतरने के बाद व सीधे पुलिस लाइन सभागार पहुंचे और अधिकारियों व पार्टी नेताओं के साथ समीक्षा बैठक शुरू की। सीडीओ अखिलेश तिवारी ने जिले में बाढ़ के हालात के बारे में कैबिनेट मंत्री को जानकारी दी और कहा कि अचानक बांध टूटने से हालात बेकाबू हो गए।
विज्ञापन

प्रशासन व एनडीआरएफ की टीम ने पीड़ितों की तत्काल मदद शुरू कर दी। बाढ़ को लेकर सीडीओ की इस सफाई पर बैठक में मौजूद ज्यादातर सपा नेता खीझ गए। उन्होंने मंत्री के सामने प्रशासनिक लापरवाही की पोल खोलनी शुरू कर दी। पूर्व विधायक लालजी यादव ने कहा कि बरसात से पहले कई बार अधिकारियों से बांसी-पनघटिया व अशोगवा-नगवां बांध को लेकर बात की गई, लेकिन किसी ने नहीं सुना।
विज्ञापन
विज्ञापन

न तो कोई अधिकारी बांध का निरीक्षण करने गया और न ही समय रहते बंधों की मरम्मत का कार्य हुआ। संबंधित विभाग से बात की गई तो अधिकारियों ने कहा कि बजट ही नहीं है तो वे क्या करें। शोहरतगढ़ विधायक प्रतिनिधि उग्रसेन सिंह ने भी अपने क्षेत्र में आई भयावह बाढ़ को लेकर अधिकारियों की लापरवाही का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि समय रहते बंधों की मरम्मत का कार्य हुआ होता तो यह नौबत नहीं आती।
बाढ़ प्रभावित इलाकों की दशा बेहद दयनीय है, लोग 3 दिनों से घरों में फंसे हुए है। सौ से ज्यादा गांव पानी से घिरे हुए हैं और लोगों तक राहत सामग्री नहीं पहुंच पा रही है। कपिलवस्तु विधायक विजय पासवान ने अपने विधानसभा क्षेत्र में बूढ़ी राप्ती, कूड़ा व घोघी नदियों से पैदा हुई बाढ़ की स्थिति बताई और राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने की मांग की। शिकायतों का सिलसिला यहीं नहीं रुका, जिला पंचायत प्रतिनिधि रामकुमार उर्फ चिनकू यादव, सपा नेता वीरेंद्र तिवारी व राज्य महिला आयोग की सदस्य जुबैदा चौधरी ने भी राहत व बचाव कार्य में प्रशासन की लापरवाही खुलकर शिकायत कैबिनेट मंत्री से की।
इस बीच विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय कई बार पार्टी नेताओं को समझाते नजर आए। एक-एक कर पार्टी नेताओं की बात सुनने के बाद कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने सबको राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जिले में बाढ़ की स्थिति बेहद भयावह है। सभी तहसीलों में तैनात एसडीएम तत्काल अपनी रिपोर्ट दें और उसके आधार पर आज ही से राहत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
जिले में पैदा हुए बाढ़ के हालात की समीक्षा की जाएगी और जिन भी लोगों ने लापरवाही बरती होगी उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद की जाए और पानी में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला जाए। सीएमओ डॉ. राजेंद्र कपूर को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी सीएचसी-पीएचसी व बाढ़ शिविरों में पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध कराएं।
सिंचाई, पीडब्लूडी व ड्रेनेज विभाग के अधिशासी अभियंताओं को निर्देश देते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि वे नवंबर माह तक बाढ़ से निपटने की पूरी कार्य योजना बना कर दे दें। ताकि परियोजना को मंजूर कर धनराशि अवमुक्त हो जाए और अगले साल फरवरी माह से काम शुरू हो सके। एक घंटे तक चली समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों की सांस अटकी रही और वे  किसी कार्रवाई की आशंका में सहमे नजर आए।
हलांकि बैठक के दौरान सपा नेताओं की तमाम शिकायतों के बाद भी शिवपाल यादव, गंभीरता से सबकी बात तो सुनते रहे लेकिन अधिकारियों के प्रति सख्त तेवर नहीं दिखाया। दोपहर बाद 2.40 बजे उनका हेलीकाप्टर पुलिस लाइन से रवाना हुुआ। प्रमुख सचिव सिंचाई सुरेश चंद्रा व सपा नेता दीपक मिश्रा उनके साथ गए, जबकि विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय जिले में ही रुक गए।

इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष अजय चौधरी, रामचंदर यादव, कामता यादव, सोनू यादव,  गुलाम नबी आजाद, खुर्शीद अहमद, ताकीब रिजवी, पप्पू मलिक, इंद्रजीत यादव, बलई जायसवाल, रमजान, कलाम, पताली बाबा, शैलेंद्र शर्मा, दयाराम लोधी, जोखन चौधरी, सतीश चौधरी आदि सपा नेता मौजूद रहे। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed