सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु के स्वास्थ्य विभाग एवं माधव प्रसाद त्रिपाठी महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. कविता शाह ने रक्तदान करके शिविर का शुभारंभ किया। कुलपति ने कहा कि शिक्षण संस्थानों की समाज को जागरूक करने, उसे सशक्त बनाने तथा सामाजिक संवेदनशीलता को विकसित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षा जगत से जुड़े कर्मचारी एवं विद्यार्थी जब ऐसे सेवा अभियानों से जुड़ते हैं तो वे अपने राष्ट्र धर्म के निर्माण में सक्रिय योगदान देते हैं। निस्वार्थ भाव से किया गया रक्तदान मानवता की सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण है, क्योंकि एक रक्तदान से अनेक जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिल सकता है तथा इससे अन्य लोग भी प्रेरित होकर समाजोपयोगी कार्यों में सहभागिता सुनिश्चित करते हैं। इस अवसर पर अधिष्ठाता कला संकाय प्रो. नीता यादव, डॉ. कपिल गुप्ता सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने रक्तदान किया। इस दौरान माधव प्रसाद त्रिपाठी महाविद्यालय से डॉ. वीरेंद्र कुमार सोनी, डॉ. रंजीत प्रसाद (आईटी), डॉ. अनीता (काउंसलर), डॉ. प्रशांत कुमार मिश्र, डॉ. मणि रत्नम, डॉ. आलोक मिश्र, सुश्री स्तुति त्रिपाठी उपस्थित रहे।