श्रावस्ती। मिशन शक्ति अभियान फेज-5 को लेकर रविवार को महिला पुलिसकर्मियों ने नारी सुरक्षा बाइक रैली निकाली। डीएम अजय कुमार द्विवेदी व एसपी राहुल भाटी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को उनके अधिकारों व विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर ईदगाह तिराहा होते हुई नई बाजार, पुरानी बाजार, दहाना तिराहा होते हुए पुलिस लाइन पर समाप्त हुई। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने विभिन्न तख्तियों पर लिखे संदेश सशक्त नारी, समृद्ध नारी, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, नारी का सम्मान, देश का मान, हमारा संकल्प, नारी सुरक्षा के माध्यम से नारी सशक्तिकरण की अलख जगाई। कार्यक्रम में डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक सामाजिक क्रांति है। यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम ऐसा वातावरण बनाएं, जहां हर महिला व बालिका खुद को सुरक्षित महसूस करे। एसपी राहुल भाटी ने कहा कि पुलिस महिलाओं और बालिकाओं के प्रति होने वाले अपराधों को लेकर अत्यंत गंभीर है। सभी महिलाओं से अपील है कि किसी भी प्रकार की समस्या पर तत्काल वूमेन पावर लाइन नंबर-1090, इमरजेंसी सेवा-112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, महिला हेल्पलाइन- 181 पर तत्काल सूचना दें। इस दौरान एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम, सीओ भिनगा सतीश चंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।