UP News: पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर, भतीजी की मौत... मां-बेटा सहित तीन गंभीर रूप से घायल
यूपी के श्रावस्ती में पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में भतीजी की मौत हो गई। मां-बेटा सहित तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
यूपी के श्रावस्ती में सिरसिया से तुलसीपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने बेचईपुरवा बाजार में बाइक को टक्कर मार दिया। इस दौरान बचने के प्रयास में मार्ग किनारे जा रही मां बेटे व भजीजी को टक्कर मार दिया। घटना में भतीजी की मौत हो गई। जबकि, तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से तीनों घायलों को सीएचसी सिरसिया लाया गया। घटना के बाद पिकअप चालक मौके पर रुके बिना वाहन सहित फरार हो गया। मौके पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
बलरामपुर जिले के थाना ललिया अंतर्गत मथुरा निवासी शिफा (18) की बुआ उजाला (22) का विवाह सिरसिया थाना क्षेत्र के बेचईपुरवा में हुआ है। उजाला के एक साल का बेटा भी है। कुछ दिन पूर्व शिफा अपनी बुआ के घर आई थी। सोमवार देर शाम उजाला अपनी भतीजी शिफा व बेटे के साथ दवा लेने बेचईपुरवा चौराहा आई थी।
पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी
बलरामपुर के ही थाना हरैया क्षेत्र के ग्राम गनवरिया निवासी नागेंद्र (36) किसी काम से बाइक से सिरसिया आ रहा था। जैसे ही नागेंद्र बेचईपुरवा पहुंचा। तभी सिरसिया से तुलसीपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दिया। वहीं बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इससे पिकअप शिफा, उजाला व उसके बच्चे को टक्कर मारते हुए निकल गई।
घायलों को सीएचसी सिरसिया लाया गया
घटना में शिफा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नागेंद्र, उजाला एवं उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से तीनों घायलों को सीएचसी सिरसिया लाया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। इस बारे में थाना प्रभारी राजकुमार सरोज का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
