कटरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान इकौना में शुक्रवार को शिक्षक संकुल की प्रथम त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षकों को शिक्षण कार्य की गुणवत्ता को सुधारने की नसीहत दी गई। बैठक में डायट प्राचार्य सत्येन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि कक्षा में विद्यार्थियों को किताबों के अलावा अन्य माध्यमों से भी शिक्षा दें, जिससे उन्हें गुणवत्तापरक शिक्षा मिल सके। बैठक अधिगम की गुणवत्ता में सुधार, 10 अधिगम शिक्षण प्रक्रिया, कैच अप, पठन संस्कृति व पठन विकास, निपुण विद्यालय व आकलन, इको क्लब, यूथ क्लब का गठन, विद्यालयों में टीएलएम का प्रयोग व नवाचारों पर चर्चा की गई। इस दौरान वरिष्ठ प्रवक्ता राम प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए शिक्षक संकुल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस मौके पर वरिष्ठ प्रवक्ता रमेश चंद्र मौर्य, प्रवक्ता इरशाद अहमद, दिव्य प्रताप, गिरीश प्रसाद मिश्रा, रेनू यादव, ईश्वरचंद्र विद्यासागर, इमरान अहमद, अमित कुमार पाठक सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।