पुलिस की बड़ी लापरवाही: नौ घंटे धूप में खड़ा रखा भैंसों से भरा कंटेनर, दो पशुओं की मौत, SP ने कही जांच की बात
Shamli News : बाबरी थाना पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने भैंसों से भरे कंटेनर को नौ घंटे तक धूप में खड़े रखा। जिससे दो पशुओं की मौत हो गई। इस मामले में एसपी ने जांच की बात कही है।
विस्तार
शामली में बाबरी थाना पुलिस की लापरवाही के कारण दो भैंसों की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को तड़के शामली से एक कंटेनर में भैंसों को मुजफ्फरनगर ले जा रहे तीन लोगों को पकड़ लिया। कंटेनर को थाने में करीब नौ घंटे तक खड़े रखा मगर 26 भैंसों को कंटेनर से बाहर नहीं निकाला गया। जिसके कारण दो भैंसों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस इस मामले में कुछ भी बताने से हिचक रही है। हालांकि एसपी ने जांच कराने की बात कही है।
बुधवार की तड़के थाना पुलिस ने शामली-मुजफ्फरनगर मार्ग पर गश्त के दौरान शामली से मुजफ्फरनगर की तरफ जा रहे बंद कंटेनर को बनती खेड़ा में रोककर जांच पड़ताल की। बंद कंटेनर में 26 भैंस भरी हुई थी। पुलिस ने चालक सहित तीन को हिरासत में थाने लाकर पूछताछ की तो चालक ने अपना नाम राजू गांव नांगल, जिला फतेहाबाद हरियाणा, आबिद व रहीश मोहल्ला कुरैशियान, जिला बागपत बताया। हिरासत में लिए गए पशु व्यापारियों ने पुलिस को बताया कि सभी पशुओं को बागपत से मुजफ्फरनगर के दभेड़ी पशु पैठ में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।
नौ घंटे धूप में खड़े रहे पशु, जिसके कारण हुई मौत
बाबरी थाना पुलिस ने पशुओं से भरे बंद कंटेनर ट्रक को थाने के गेट पर खड़ा करा दिया। करीब नौ घंटे बाद बाबरी थाना पुलिस ने बंद कंटेनर ट्रक को बुटराड़ा गांव में ले जाकर पशुओं को बाहर निकाला। जिनमें से दो भैंसों की दम घुटने के चलते मौत हो चुकी थी। बाकी कुछ भैंसों की हालत गंभीर बनी हुई है। बाबरी थाना पुलिस ने अन्य भैसों को ग्रामीणों को सौंप दी है।
यह भी पढ़ें: सेना की वर्दी में ठगी: फर्जी कर्नल अरेस्ट, कई राज्यों के युवाओं को बना चुका था शिकार, पूछताछ में खोले बड़े राज
थाना प्रभारी का कहना है कि वह क्राइम मीटिंग में आ गए थे, मामले की जानकारी की जा रही है। एसपी अभिषेक का कहना है कि पशुओं की मौत की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें: नहीं थम रहे आंसू: दो सगे भाइयों की मौत से परिवार पर टूटा कहर, बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में पसरा मातम