1.27 करोड़ क्विंटल गन्ने की पेराई कर थानाभवन मिल बंद
शामली। बजाज समूह की थानाभवन चीनी मिल बुधवार को सुबह चार बजे 1.27 करोड़ क्विंटल गन्ने की पेराई करके बंद हो गई है। इस पेराई सत्र में चीनी मिल को पिछले साल की अपेक्षा इस साल आठ लाख क्विंटल गन्ना कम मिला है। जबकि मिल ने अभी किसानों का भुगतान नहीं किया।
थानाभवन चीनी मिल ने पिछले पेराई सत्र में 1.35 करोड़ क्विंटल गन्ने की पेराई की थी। इस बार बुधवार की सुबह चार बजे तक मिल 1.27 करोड़ क्विंटल गन्ने की पेराई करके बंद हो गई। इस पेराई सत्र में 12.68 लाख चीनी के बोरे का उत्पादन हुआ है। पेराई सत्र का समापन होने पर मिल के अधिकारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक जेबी तोमर ने बताया कि चीनी मिल का परता दस प्रतिशत रहा है। पेराई सत्र समाप्ति पर पूजा में चीनी मिल के यूनिट हेड वीरपाल सिंह, गन्ना महाप्रबंधक जेबी तोमर, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक यांत्रिक श्रवण कुमार, महाप्रबंधक उत्पादन आमोद विश्नोई, एचआर हेड शिवचरण सिंह, सुरक्षा अधिकारी सतीश पुंडीर, सहायक महाप्रबंधक जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।