Shamli: ट्रेन की चपेट में आकर दर्जी की मौत, हत्या का आरोप, गुस्साए परिजनों ने किया जमकर हंगामा, खुलासे की मांग
Shamli News : शामली में ट्रेन की चपेट में आकर दर्जी की मौत हो गई। वहीं, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों ने खुलासे की मांग की है।
विस्तार
शामली के थानाभवन कस्बे में सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन की चपेट में आकर दर्जी की मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए आंबेडकर मार्केट में दो घंटे तक धरना दिया। उन्होंने जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग की। बाद में पुलिस के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया।
नगर के मोहल्ला रेती निवासी दलित गंगाराम का 25 वर्षीय पुत्र मोहित शामली में कपड़े की सिलाई करता था। वह सोमवार की सुबह लगभग सात बजे अपने घर से काम के लिए गया था। सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली जनता एक्सप्रेस रेल के थानाभवन रेलवे स्टेशन पर चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बिना शिनाख्त व मृतक के परिजनों को सूचना दिए ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, हत्या और बिना परिजनों को दिखाए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर गुस्साए लोगों ने आंबेडकर मार्केट पर धरना देना शुरू कर दिया। आरोप था कि युवक की हत्या की गई है। लोगों का कहना था कि पुलिस ने पहले उनके मोबाइल से मौत की सूचना दी, फिर उनके आए बिना क्यों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतक मोहित के पिता गंगाराम व भाइयों का आरोप था कि मोहित की हत्या की गई है। उसके फोन पर प्रातः लगभग छह बजे किसी का फोन आया था। उसके पश्चात ही वह घर से चला गया था। उनका कहना है कि यह हादसा नहीं है। साजिश के तहत मोहित को मारा गया है।
सूचना पर पूर्व चैयरमेन संजय शर्मा, सभासद अनिल कुमार, कार्यवाहक थानाध्यक्ष नेत्रपाल सिंह आदि धरना स्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा कार्रवाई के आश्वासन पर ही दो घंटे बाद लोगों ने धरना खत्म किया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष नेत्रपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: एलानिया हत्या से तनाव: हंगामे के बीच हुआ मृतक का अंतिम संस्कार, पुलिस से नोकझोंक, घेरकर बरसाईं थीं गोलियां
कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
मृतक के मोबाइल को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। इसके अलावा मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ की जाएगी।
यह भी पढ़ें: न्यूटिमा विवाद: सपा विधायक अतुल प्रधान आमरण अनशन पर बैठे, कहा-निजी अस्पतालों में हो रही लूट
अविवाहित है मोहित
मृतक के पिता गंगादास ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। मोहित अविवाहित था। परिवार में चार बेटे और दो बेटियां हैं। मौके पर धर्मसिंह, कृष्णपाल, अनिल कुमार, राजपाल, संतराम, जयभगवान सभासद संजीव कुमार, पिन्टू मौजूद रहे।