Shamli: उद्पुर में शॉर्ट सर्किट से मजदूर के घर में लगी आग, घरेलू सामान जलकर राख
शामली के चौसाना क्षेत्र के उद्पुर गांव में शॉर्ट सर्किट से मजदूर के कच्चे मकान में आग लग गई। आग में घरेलू सामान जलकर राख हो गया। परिवार सुरक्षित, प्रशासन से मदद की मांग।
विस्तार
शामली के चौसाना क्षेत्र के गांव उद्पुर में बुधवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक मजदूर परिवार को बेघर कर दिया। आग में कच्चा मकान और उसमें रखा पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।
मजदूरी पर गया था परिवार का मुखिया
उद्पुर निवासी महक सिंह सैनी (48) पुत्र पाला राम, जो किसानों के यहां मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, घटना के समय मजदूरी पर गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी और बच्चे मौजूद थे। रात करीब 10 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
यह भी पढ़ें: सोनू कश्यप हत्याकांड: परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को रोका, पुलिस ने सीमा से लौटाया
शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीण
आग की जानकारी तब हुई जब महक सिंह की पत्नी बच्चों को बाथरूम कराने बाहर निकलीं। आग देख उन्होंने शोर मचाया, जिस पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
घरेलू सामान जलकर राख
आग में बेड, चारपाई, कूलर, पंखे, रजाई, कपड़े, नकदी और खाने-पीने का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग से परिवार को भारी नुकसान हुआ है।
प्रशासन से सहायता की मांग
घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। पीड़ित ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।