दुकान का ताला तोड़कर चोरी
शामली, कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू में चोरों ने मोबाइल फोन की एक दुकान का ताला तोड़कर दुकान में रखी हजारों रुपये की नगदी व सामान चोरी कर लिया।
थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू के पंजाब नेशनल बैंक के बराबर में क्षेत्र के गांव खेड़ा कुरतान निवासी वाजिद ने मोबाइल फोन और घड़ियों की दुकान कर रखी है। रविवार की रात्रि में चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर दुकान में रखी 27 हजार रुपये की नगदी सहित 13 मोबाइल फोन, दो चार्जर के डब्बे, छह पावर बैंक, तीस घड़ी, इयर फोन सहित हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। वाजिद को घटना की जानकारी सोमवार सुबह दुकान पर पहुंचने पर हुई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित से घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह का कहना है कि शीघ्र ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।