विवाहिता की मौत: मायके वाले बोले- दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी को मार डाला, पति समेत दो पर केस दर्ज
Shamli News : विवाहिता की मौत के मामले में मायके वालों ने गंभीर आरोप लगाया है। मृतक महिला के परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज के लिए बेटी की हत्या की है।
विस्तार
शामली जनपद में कांधला के गांव भारसी निवासी महिला की मौत के मामले में परिजनों ने गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला की हत्या की गई। महिला के पिता ने पति सहित दो लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बागपत के थाना बड़ौत के गांव टयोढ़ी निवासी शिवानी उर्फ कामना की शादी 19 अप्रैल 2022 को कांधला थाना क्षेत्र के गांव भारसी निवासी सुमित शर्मा के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के समय उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार, दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग इससे खुश नहीं थे। लगातार उनकी पुत्री शिवानी शर्मा का मानसिक व शारीरिक रूप से उत्पीड़न किया जा रहा था।
बताया गया कि कुछ दिन पूर्व पति के द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की गई। जब उसकी पूर्ति नहीं हो पाई तो इन लोगों ने शिवानी को घर से निकाल दिया, लेकिन सामाजिक दबाव के चलते एक बार फिर से लड़की को ससुराल भेज दिया गया।
आरोप है कि ससुराल पक्ष अपनी हरकत से बाज नहीं आया। बृहस्पतिवार रात्रि के समय ससुराल पक्ष के लोगों ने फोन के माध्यम से सूचना दी कि शिवानी की तबीयत अचानक खराब हो गई है । जब हम गांव पहुंचे तो शिवानी की मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें: हथियार तस्करों के राज: पूछताछ में उगला ऐसा सच, सुनकर चौंक गए बड़े अफसर, जानें- मेरठ-पंजाब का क्या कनेक्शन
आरोप है कि ससुरालियों ने उसकी हत्या कर दी है। उक्त प्रकरण में पिता धमेंद्र ने पति सुमित शर्मा व उसकी बहन हिमानी शर्मा को नामजद करते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए उक्त प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज कर ली। साथ ही महिला का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: ISI के खौफनाक इरादे: दंगों की आग से बच गया देश, जिहाद फैलाने की थी तैयारी, जानें- पाकिस्तान क्यों जाता था कलीम
थाना प्रभारी समय पाल अत्री ने बताया कि पीड़ित पिता धर्मेंद्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।