Shamli: संरक्षित पशुओं का वध करने के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश घायल
शामली में आठ दिन पहले गांव झाल में चार संरक्षित पशु का वध कर अवशेष फेंकने की घटना में फरार चल रहे आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है जबकि एक बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया गया।
विस्तार
शामली शहर कोतवाली पुलिस की आठ दिन पहले गांव झाल के जंगल में चार संरक्षित पशु का वध कर अवशेष फेंकने की घटना में शामिल दो आरोपियों के साथ मुठभेड़ हो गई। एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि दूसरे आरोपी किशोर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है।
गांव झाल में 27 जुलाई को गांव झाल के जंगल में चार संरक्षित पशुओं के अवशेष मिले थे। इस घटना में गो आश्रय स्थल के पूर्व चौकीदार सौरभ, नसीम, इरशाद व साहिल को दो अगस्त को गांव झाल के जंगल से गिरफ्तार कर लिया था जबकि अन्य चार आरोपी फरार चल रहे थे।
अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया रविवार देर रात को कोतवाली पुलिस के साथ गांव झाल के जंगल में संरक्षित पशुओं का वध कर अवशेष फेंकने की घटना में शामिल दो आरोपियों के साथ सिंभालका बाईपास पर मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी शमीम निवासी सल्फा थाना कांधला पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि दूसरे आरोपी बाल अपचारी किशोर को हिरासत में लिया गया है। किशोर भी सल्फा गांव का रहने वाला है। आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया गया है।