चाय बनी आफत: कप थमाकर काम पर गई पत्नी, पीते ही पति के मुंह से निकलने लगा झाग; दूध-पत्ती के साथ जहर भी डाला!
शामली के पटनी परतापुर गांव में शनिवार सुबह चाय पीने के बाद 35 वर्षीय विजय की हालत गंभीर हो गई। उसके मुंह से झाग निकलने लगा। स्थानीय अस्पताल से उसे मेरठ रेफर किया गया, जहां उपचार जारी है। परिजनों ने विजय की पत्नी कविता पर चाय में जहरीला पदार्थ मिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच होगी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बिडौली क्षेत्र के गांव पटनी परतापुर में शनिवार सुबह एक युवक की चाय पीने के बाद हालत गंभीर हो गई। युवक के मुंह से झाग निकलने लगा, जिसके बाद परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है। परिजनों ने उसकी पत्नी पर चाय में जहरीला पदार्थ मिलाने का आरोप लगाया है।
पत्नी ने बनाई थी चाय, कप देकर काम कर गई
घटना गांव पटनी परतापुर निवासी विजय (35) पुत्र सलेक के साथ हुई। सलेक के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे उसकी पत्नी कविता ने चाय बनाई और फिर काम पर चली गई। विजय ने चाय पी तो कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसके मुंह से झाग निकलने लगा। यह देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में वे उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर शामली लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया।
पुलिस का बयान
इस घटना के संबंध में, अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुमित ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
