Shamli: मामूली विवाद में बुजुर्ग की घर में घुसकर हत्या, लाठी-डंडों और धारदार हथियार से किए वार, तीन घायल
उत्तर प्रदेश के शामली में बाइक टकराने के विवाद में घर में घुसकर बुजुर्ग की लाठी डंडों और तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। हमले में तीन लोग घायल हुए हैं। बताया गया कि रविवार रात पड़ोस के चार युवकों ने वारदात को अंजाम दिया।
विस्तार
शामली जनपद के झिंझाना थाना क्षेत्र के होशंगपुर गांव में रविवार की देर रात बाइक दीवार से टकराने में विवाद में 4 युवकों ने घर में घुसकर परिवार पर हमला बोल दिया। लाठी डंडों, धारदार हथियार से किए गए हमले में बुजुर्ग रघुवीर(90) की मौत हो गई जबकि उनके तीन पोते घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए ऊन सीएचसी में भर्ती कराया गया। परिजनों ने थाने में तहरीर दी है।
होशंगपुर गांव के रहने वाले रोहित ने बताया कि रविवार की शाम करीब सात बजे पड़ोस के परविन्द्र ने उसके भाई अंकुर को अपनी बाइक घर के अंदर खड़ी करने को कहा। अंकुर बाइक को घर के अंदर खड़ी करने लगा तो बाइक घर की दीवार से टकरा गई, जिससे बाइक की डिग्गी टूट गई।
इसके बाद परविन्द्र की अंकुर से कहासुनी हो गई थी। उस समय गांव के गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों में फैसला करा दिया था। अंकुर पक्ष ने बाइक में हुए नुकसान की भरपाई करने की बात कही थी।
आरोप है कि इसी बीच रात में करीब दो बजे परविंद्र पक्ष द्वारा बुलाए गए चार लोग घर की दीवार फांदकर अंदर घुस गए और परिवार के सदस्यों पर लाठी डंडों पर तेजधार हथियार से हमला बोल दिया। रघुवीर पुत्र हरदेवा, पोता रोहित, अंकुर, शनि घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए ऊन सीएचसी में भर्ती करता गया। बुजुर्ग रघुवीर की हालत को गंभीर देखते हुए शामली रेफर कर दिया गया, जहां पर रघुवीर की उपचार के दौरान मौत हो गई।
रोहित का आरोप है कि बाइक टकराने के विवाद में ही उसके दादा की हत्या की गई। अब भी परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। एएसपी संतोष कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कारवाई अमल में लाई जाएगी।