गंदगी से अटा नाला, सफाई की मांग
शामली। कस्बे के मोहल्ला बड़ीआल से सब्जी मंडी पुल तक नाला गंदगी से अटा पड़ा है। स्थानीय निवासियों ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर नाले की सफाई कराने की मांग की है। कोरोना संक्रमण काल में गंदगी से अटे नाले के कारण बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
नगर पालिका के तहत आने वाले बड़ीआल से सब्जी मंडी पुल तक के नाले की स्थिति बेहद खराब है। स्थानीय निवासी प्रवीन कुमार, सुनील कुमार, पवन कुमार, विपिन कुमार, गौरव कुमार, राजकुमार, गौरव बेदी, जगमोहन आदि ने बताया कि वाल्मीकि बस्ती के पुल तक नाला कूड़े से अटा पड़ा है। नगर पालिका अधिकारियों को बार-बार अवगत कराने के बावजूद नाले की सफाई नहीं की गई। नाले से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों का जीना मुहाल हो रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि 13 जुलाई को भी एक प्रार्थना पत्र नगर पालिका में दिया था। इसके बाद सफाई शुरू कराई गई, लेकिन खानापूर्ति की गई। नाले में नीचे कूड़ा ज्यों का त्यों छोड़ दिया गया। स्थानीय निवासियों ने नाले की सफाई कराने की मांग की है।