Shamli: झमाझम बारिश के साथ गिरे ओले, जिले में बिजली आपूर्ति ठप, गेहूं की फसल को भारी नुकसान
Rain in Shamli : शामली में झमाझम बारिश के साथ ओले भी गिरे। वहीं, जिले में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है और आम के बाग व गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शामली में मौसम के मिजाज ने बृहस्पतिवार को अचानक करवट ली और काले बादल आने से दिन में अंधेरा छा गया। आंधी और तेज बारिश से कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। कई जगह पेड़ उखड़ने की भी सूचना है। आंधी और बारिश से आम के बाग और गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
बृहस्पतिवार को दिन में मौसम साफ रहा और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए। कुछ ही देर में तेज आंधी शुरू हुई और दिन में ही अंधेरा छा गया। आधी से उड़ रही धूल ने लोगों को परेशान किया। करीब पांच बजे तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। जिससे शहर के कबाड़ी बाजार, नेहरू मार्किट, मिल रोड, माजरा रोड, बैंड मार्किट, पटेल नगर आदि क्षेत्रों में जलभराव हो गया। इसके अलावा देहात क्षेत्रों झिंझाना, गढ़ीपुख्ता कैराना, थानाभवन आदि क्षेत्रों में भी यही हाल रहा। कई जगह पेड़ टूटकर सड़क पर गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गए।
आम के बाग और गेहूं की फसल को नुकसान
कांधला, जलालाबाद के बागों में आंधी आने के कारण कच्चा फल टूट कर बिखर गया है। शामली, थानाभवन, बाबरी, गढ़ीपुख्ता, झिंझाना, चौसाना और कैराना में गेहूं की फसल की कटाई प्रभावित हुई है। खेतों में काट कर रखा गया गेहूं भीगने की वजह से काला पड़ने की संभावना बढ़ गई है। इस बार 40 प्रतिशत नुकसान की आशंका है। गांव चढ़ाव निवासी किसान सोनू, जसाला निवासी किसान बिजेंद्र मुखिया कहते है कि बारिश ने तीन बार उनके खेत में गेहूं की फसल को गीला कर दिया। कई बार बारिश आने से अनाज खराब हुआ है, जिससे उनका काफी नुकसान हो गया है।
किसानों ने मांगा मुआवजा मांगा
रालोद नेता राजन जावला कहते हैं कि किसानों को बकाया गन्ना भुगतान नहीं मिल रहा है। फसलों के उचित दाम नहीं मिल पाने से किसान दुखी है। उन्होंने किसान की हालत पर प्रदेश सरकार को ध्यान देने और फसलों के नुकसान के मुआवजे की मांग की है। किसान अरविंद सिंह, करण सिंह, अमित कुमार और हसनपुर लुहारी के अमित सिंह ने बताया कि गेहूं और आम के बाग को आंधी बारिश ने काफी नुकसान पहुंचाया है। इस बार लागत भी पूरी नहीं होगी। बारिश से गेहूं का दाना भी काला पड़ जाएगा।
यह भी पढ़ें: खूब दहाड़ रहा गुलदार, दहशत में यूपी का ये शहर, अब तक आठ लोगों को मार डाला
झमाझम बारिश के साथ गिरे ओले
दोपहर बाद करीब चार बजे घनघोर बादलों के साथ तेज आंधी तूफान के साथ मूसलाधार तेज बारिश भी शुरू हो गई, साथ में ओलों की भी बौछार आई। करीब तीन बजे के बाद से शाम तक दिन में अंधेरा ही छाया रहा। सड़क पर आवागमन कर रहे वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। इस मौसम से खास तौर पर किसानों को बड़ा नुकसान होने का अंदेशा है। इस बीच तीन घंटे तक बिजली भी गुल रही।
यह भी पढ़ें: एनकाउंटर का खौफ, यूपी के इन चार बदमाशों ने थाने में किया सरेंडर
जिलेभर की बिजली आपूर्ति हुई ठप
आंधी से कई स्थानों पर विद्युत लाइन टूट गई। कुछ जगह खंभे भी उखड़ गए। आंधी के कारण जिलेभर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब आठ बजे तक भी विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं हुई थी। विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बारिश और आंधी रुकने के बाद टीम को फाल्ट तलाश करने के लिए भेजा गया है। आपूर्ति जल्द शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।