शूटिंग में प्राची और आदित्य ने अचूक निशाने साधे
शामली। शामली रायफल क्लब की ओर से आयोजित तृतीय रजत निर्वाल मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप के तीसरे दिन एयर रायफल आइएसएसएफ में महिला वर्ग में प्राची तोमर व पुरुष वर्ग में आदित्य बढ़त बनाए रहे।
सोमवार को तीसरे दिन करनाल रोड स्थित बैंक्वट हॉल में चल रही शूटिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष देवी ने किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब लक्ष्य निर्धारित होता है. तो सफलता अवश्य मिलती है। शामली रायफल क्लब के अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने बताया कि सोमवार को हुए मुकाबलों में एयर रायफल आइएसएसएफ महिला वर्ग में प्राची तोमर 598/600 अंकों के साथ आगे रहीं। एयर रायफल आइएसएसएफ पुरुष वर्ग में आदित्य सिंगरा 598/600 अंकों के साथ आगे रहे। एयर पिस्टल आइएसएसएफ पिस्टल वर्ग में अक्षय कुमार 579/600 अंकों के साथ आगे चल रहे हैं। प्रतियोगिता में रेफरी विपिन राणा, आदर्श चौधरी, मनीष चौधरी, हसन मलिक, मनोज तोमर आदि रहे। क्लब अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता देर रात तक चलेगी। इसके बाद प्रतियोगिता का परिणाम घोषित किया जाएगा।