पुलिस टीम को बंधक बनाकर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में वांछित चल रहे 15 हजार के इनामी मुस्तकीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि 13 नवंबर 2017 को कस्बे की एक किशोरी ने इमाम गेट पुलिस चौकी में परिवारजनों द्वारा प्रताड़ित करने की शिकायत की थी। इसके बाद सबइंस्पेक्टर बच्चू सिंह मय पुलिस टीम के मौके पर पहुंचे, तो वहां किशोरी के भाइयों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर पुलिस टीम को घर के अंदर बंधक बना लिया था। आरोप था कि पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से जानलेवा हमला किया गया था। सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ के साथ ही पथराव किया गया था। कई थानों से आई पुलिस फोर्स ने उन्हें बंधनमुक्त कराया था। हमले में दारोगा सहित सिपाही विनोद, कौशल, राजकुमार, सुशील, विनोद बाला, गुड़िया, अलका, सुशीला सहित दस पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। मामले में किशोरी के भाई अमजद और शहजाद सहित कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने कुछ आरोपियों के नाम भी खोल दिए थे। कोतवाली पुलिस ने आरोपी शहजाद को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सोमवार को पुलिस ने उक्त प्रकरण में वांछित चल रहे मुस्तकीम को भूरा चुंगी से गिरफ्तार कर लिया। सीओ राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपी मुस्तकीम पर एसपी की ओर से 15 हजार का इनाम घोषित था। आरोपी पर पुलिस पर दो अन्य संगीन अपराध भी दर्ज हैं।