शामली। अतिक्रमण हटवाने व एनजीटी के आदेश को लागू कराने के उद्देश्य से एसडीएम सदर संदीप सिंह ने मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण और नगर पालिका परिषद के अधिकारियों के साथ शहर में पैदल मार्च कर व्यापारियों को जागरूक किया। अधिकारियों की टीम ने शहर में दो जगह नए निर्माण कार्यों को रुकवा दिया।
शुक्रवार को एसडीएम सदर संदीप सिंह ने मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण, शामली नगर पालिका परिषद के अधिकारियों की टीम के साथ शहर के हनुमान रोड, वीवी इंटर कालेज रोड और फव्वारा चौक तक पैदल घूमकर दुकानदारों और व्यापारियों को एनजीटी के वायु प्रदूषण को लेकर दिए गए आदेशों के प्रति जागरूक किया गया। व्यापारियों को सड़क पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि वीवी इंटर कालेज रोड पर नया बाजार के सामने और फव्वारा चौक के पास नए निर्माण का निरीक्षण करके रुकवाया गया। दोनों निर्माण कार्य मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया था। इसलिए निर्माण रुकवाते हुए सड़क से मिट्टी अन्य सामग्री को उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क पर अतिक्रमण होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस दौरान मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता अवनीश गर्ग, शामली नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुुुरेंद्र सिंह समेत पुलिस बल मौजूद रहा।