मेरठ: कैंट में कूड़ा उठान शुल्क में भारी बढ़ोतरी, घरों का शुल्क पांच से आठ गुना और बड़े मकानों का दस गुना बढ़ा
मेरठ कैंट बोर्ड ने घर-घर कूड़ा उठाने का शुल्क बढ़ा दिया है। आवासीय संपत्तियों के साथ दुकानों, कार्यालयों, स्कूलों और होटलों पर भी नया शुल्क लागू होने से लोगों और व्यापारियों में नाराजगी है।
विस्तार
मेरठ कैंट बोर्ड की ओर से घर-घर कूड़ा उठाने के शुल्क में की गई भारी बढ़ोतरी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बढ़े हुए बिल लोगों के पास पहुंचने के बाद व्यापारी और स्थानीय लोगों में रोष शुरू हो गया है। कैंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुनील वाधवा ने बताया कि उन्होंने छावनी परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जाकिर हुसैन से शुल्क में संशोधन की मांग की है।
पूर्व उपाध्यक्ष सुनील वाधवा के मुताबिक 50 वर्ग मीटर तक के मकान से पहले सालाना 240 रुपये कूड़ा उठाने का शुल्क लिया जाता था, जिसे बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है। 50 से 200 वर्ग मीटर तक के मकान का शुल्क 240 से बढ़ाकर 1200 रुपये और 200 वर्ग मीटर से अधिक के मकान का शुल्क 240 से बढ़ाकर 2400 रुपये सालाना कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: यूपी: शामली के आशू सैनी की रूस में तलाश, 30 जुलाई से परिवार से संपर्क बंद; एजेंट ने भी फोन उठाना छोड़ा
पूर्व पार्षद अनिल जैन ने बताया कि केंद्र सरकार के गजट अधिसूचना के बाद कैंट बोर्ड ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में बढ़ा हुआ शुल्क एक अप्रैल से लागू किया है। उन्होंने कहा कि सराफ की दुकानों पर भी सालाना 6000 रुपये कूड़ा उठाने का शुल्क लगाया गया है। जबकि वहां निकलने वाले कूड़े को बाहर नहीं जाता है। व्यावसायिक संपत्तियों पर शुल्क में काफी बढ़ोतरी की गई है।
संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कि छावनी में बढ़े हुए कूड़े के बिलों के विषय में संगठन की बैठक बुलाई गई है। इसके बाद छावनी के व्यापारियों के साथ छावनी परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी से मिलेंगे। संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता ने बताया कि छावनी क्षेत्र के विभिन्न व्यापार संघों ने समस्या बताई है। इस संबंध में आगामी सप्ताह मुख्य कार्यकारी अधिकारी से मुलाकात की जाएगी।
बोर्ड बैठक में रखेंगे संशोधन के लिए प्रस्ताव
केंद्र सरकार की ओर से गजट अधिसूचना जारी की गई है। उसके आधार पर कूड़ा कलेक्शन के बढ़े हुए शुल्क जारी किए गए हैं। शुल्क में संशोधन के लिए बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। - जाकिर हुसैन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, कैंट बोर्ड।
कैंट बोर्ड की बैठक बुलाने की मांग
छावनी में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का शुल्क बहुत अधिक बढ़ा दिया गया है। इस संबंध में कैंट बोर्ड मुख्य कार्यकारी अधिकारी जाकिर हुसैन को एक माह पूर्व अवगत कराया था। अभी तक मामले को संज्ञान में नहीं लिया गया है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी से कहेंगे कि जल्द बोर्ड बैठक बुलाकर शुल्क में संशोधन किया जाए। - अमित अग्रवाल, विधायक, कैंट।
कूड़ा कलेक्शन का नया मासिक शुल्क
50 वर्ग मीटर तक के आवास : 50 रुपये
50 से 200 वर्ग मीटर तक के आवास : 100 रुपये
200 वर्ग मीटर से अधिक के आवास : 200 रुपये
दुकान : 500 रुपये
धर्मशाला : 2000 रुपये
कार्यालय, स्कूल : 2000 रुपये
होटल : 5000 रुपये