कैराना (शामली)। सड़क हादसे में पठानकोट जा रहे क्षेत्र के एक युवक की मौत हो गई, जबकि चालक सहित कई साथी घायल हो गए। युवक की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
कस्बे के मोहल्ला नवाब दरवाजा निवासी 30 वर्षीय मोहम्मद दिलशाद के ससुर नसीर अहमद ने पठानकोट में लीची का बाग ठेके पर ले रखा है। दिलशाद उसके भाई राशिद ने बताया कि लॉकडाउन के कारण सिलाई का काम बंद होने पर शुक्रवार रात करीब 8 बजे वह अपने साथियों के साथ पिकअप गाड़ी द्वारा पठानकोट गया था। शनिवार सुबह करीब 9 बजे दिलशाद के साथ पठानकोट गए परवेज ने फोन पर बताया कि गाड़ी का एक्सल टूट गया और गाड़ी सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दिलशाद की मौत हो गई। उसके साथी एहसान, मुकीम, तोफिक निवासी कैराना, नदीम निवासी गंगोह और गाड़ी चालक शौकीन घायल हो गए। दिलशाद चार भाइयों में सबसे बड़ा था। दिलशाद की मौत पर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।