डीआईजी ने 31 दिसंबर तक विवेचनाओं के निस्तारण के निर्देश दिए
शामली। सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने अपराध शाखा की विवेचनाओं की समीक्षा की। डीआईजी ने विवेचनाओं को 31 दिसंबर तक निस्तारण के निर्देश दिए।
शनिवार रात को डीआईजी उपेंद्र कुमार अग्रवाल शामली में एसपी के कैंप कार्यालय पर पहुंचे। उन्होंने अपराध शाखा में चल रही विवेचनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने विवेचनाओं के लंबित रहने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अपराध शाखा में महत्वपूर्ण मामले होते हैं। इनकी निष्पक्षता और गहनता से जांच की जानी चाहिए। उन्होंने सभी विवेचनाओं को 31 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जिस विवेचक की विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही मिलेगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डीआईजी ने जनपद के सभी सीओ द्वारा की जा रही विवेचनाओं की भी जानकारी ली और उनकी समीक्षा करते हुए जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी अजय कुमार, एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव, जनपद के शामली, कैराना और थानाभवन के सीओ मौजूद रहे।