कांग्रेस का सहारा, पर्ल्स ग्रुप के खिलाफ प्रदर्शन
शामली। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सहारा इंडिया और पर्ल्स ग्रुप पर गरीबों का पैसा हड़पने का आरोप लगाते हुए जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष दीपक सैनी ने कहा कि प्रदेश के लाखों गरीबों को सहारा और पर्ल्स ग्रुप जैसी कंपनियों ने लूटा है। छोटे-छोटे दुकानदार, रेहड़ी, ठेला-पटरी चलाने वाले गरीब, मध्यम वर्गीय मजदूर, घरेलू काम करने वाली महिलाओं ने किश्तों में 10 रुपये से लेकर सैकड़ों रुपये तक का आरडी खाता खुलवाया था, साथ ही कई सारे लोगों ने फिक्स डिपॉजिट भी किया। लेकिन मियाद पूरी होने के बावजूद उनका पैसा नहीं मिल पा रहा है। सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय में दिया। इस मौके पर शहर अनुज गौतम, शेखर पाल, महावीर सैनी, संदीप शर्मा, एडवोकेट राव आरिफ, पवन तरार, प्रवीण कुमार, सतवीर सिंह, राजेश आदि मौजूद रहे।