Shamli News: होटल पर खाने में सलाद मांगना पड़ा भारी, दो ग्राहकों पर खौलता हुआ तेल उड़ेला
कांधला कस्बे के कैराना रोड के नॉनवेज होटल पर शनिवार की रात खाना खाने के दौरान सलाद मांगना दो युवकों को भारी पड़ गया।
विस्तार
कांधला कस्बे के कैराना रोड के नॉनवेज होटल पर शनिवार की रात खाना खाने के दौरान सलाद मांगना दो युवकों को भारी पड़ गया। होटल संचालक और कर्मचारियों ने दोनों पर खौलता हुआ तेल उड़ेल दिया। आंखों में मिर्च झोंक दी।
दोनों युवकों को गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया, जहां से उनकी हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। पीडितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें: Shamli: कैंटरिंग संचालक का शव चौकी के पास मिला, पुलिसकर्मियों पर हत्या का आरोप, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम
नगर के मोहल्ला गुजरान निवासी मुनव्वर अपने साथी आरिफ के साथ शनिवार देर रात्रि कस्बे के कैराना रोड स्थित इरफान के होटल पर खाना खाने के लिए थे। आरोप है कि ऑर्डर देने के बाद जब काफी देर बाद खाना आया तो खाने के साथ कर्मचारियों ने उन्हें सलाद नहीं दी। मुन्नवर और आरिफ ने सलाद की मांग की तो होटल कर्मचारियों ने उनकी बात को अनसुना कर दिया।
उन्होंने होटल संचालक इरफान से इसकी शिकायत की। आरोप है कि इरफान ने अपने कर्मचारियों को कुछ नहीं कहा, उल्टा दोनों युवकों के साथ ही अभद्रता करनी शुरू कर दी। होटल मालिक व कर्मचारियों ने दोनों युवकों पर हमला बोल दिया तथा पास रखे खौलते हुए तेल को उनके ऊपर डालना शुरू कर दिया।
आरोप है कि एक कर्मचारी ने दोनों पर नमक व मिर्च के पैकेट डाल दिए, जो तेल की साथ बहकर मुनव्वर की आंख में चले गए। जिससे मुनव्वर की आंखों में भी गंभीर जख्म बन गए हैं। पीडितों के परिजनों ने होटल संचालक समेत तीन के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।