Shamli News: नाम बदल कर युवती को छह साल तक प्रेमजाल में रखा, पहुंचा हवालात
-गाजियाबाद के थाना मसूरी की पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई
-आरोपी युवक की 15 जून को होनी थी शादी
विस्तार
कैराना में नाम बदल कर छह साल तक गाजियाबाद के थाना क्षेत्र मसूरी की युवती को अपने प्रेमजाल में फसा कर रखा। बाद में युवती को पता चला कि युवक दूसरे समुदाय का है और 15 जून को शादी होनी है। इस पर पीड़िता ने मसूरी थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई। शनिवार को मसूरी पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई।
शनिवार को जनपद गाजियाबाद के थाना मसूरी के एसआई राजेश कुमार ने अपनी टीम के साथ कोतवाली पहुंचकर आमद दर्ज कराई। मसूरी पुलिस के साथ पीड़ित युवती भी थी। युवती ने बताया कि करीब 6 साल पहले कैराना निवासी दूसरे समुदाय का युवक उसे मिला और अपना नाम राजू बताया। इसके बाद दोनो में दोस्ती हो गई।
आरोपी उसे नैनिताल भी घुमाने के लिए ले गया था। आरोपी ने उसके अश्लील फोटो भी खींच रखे हैं। बाद में उसे पता चला कि युवक दूसरे समुदाय का है और 15 जून को शादी कर रहा है। इसके बाद उसने थाने में आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई।
वहीं मसूरी पुलिस ने स्थानीय पुलिस को साथ लेकर आरोपी के घर पर दबिश दी। इसके बाद मसूरी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और अपने साथ ले गई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मसूरी पुलिस दबिश देकर एक आरोपी को अपने साथ ले गई है।
आरोपी की मां ने कोतवाली में किया हंगामा
जैसे ही मसूरी पुलिस आरोपी को गाड़ी में बैठा कर ले जाने लगी तो आरोपी युवक की मां ने कोतवाली में हंगामा कर दिया। महिला चिल्ला-चिल्ला कर कह रही थी कि उसके बेटे का 15 जून का निकाह है। बेटे को इस लड़की ने फंसाया है। काफी हंगामे के बाद महिला कांस्टेबल ने आरोपी की मां को संभाला। इसके बाद मसूरी पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर रवाना हो गई।