शामली। जनपद में पहली बार झिंझाना रोड स्थित मित्तल एकेडमी में शामली टीचर्स बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन कराया। 40 आयु वर्ग में डबल में शामली के संजय और विजय विजेता रहे। शिक्षिका वर्ग के सिंगल में शामली की तंजीम विजेता रही। प्रतियोगिता में मेरठ, सहारनपुर, बागपत, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर व शामली के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। रविवार को आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सिंगल और डबल वर्ग में प्रतिभाग कर दम दिखाया, जिसमें आयु वर्ग 40 प्लस शिक्षक वर्ग डबल में शामली के संजय तोमर व विजय कुमार प्रथम रहे, जबकि सहारनपुर से संदीप गुप्ता व सौरभ गुप्ता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग सिंगल में शामली की तंजीम प्रथम और शामली की पूनम तोमर ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर परचम लहराया। इसके साथ ही आयु वर्ग 40 माइनस पुरुष वर्ग में शामली के संजीव खोखर व अविश मलिक प्रथम और सहारनपुर से दीपक धीमान व हरिदत्त शर्मा द्वितीय रहे। संवाद