शामली। जिले में कोरोना वायरस का दूर दूर तक कोई लेना देना नहीं है, लेकिन सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदम के कारण पूरा सरकारी अमला इसके प्रति लोगों को जागरूक करने में जुटा है। स्वास्थ्य विभाग से लेकर पुलिस महकमा भी लोगों को जागरूक कर रहा है। पुलिसकर्मियों को इसके लिए प्रशिक्षण दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम फैक्टरियों में जाकर लेबर को जागरूक कर रही है। स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
सीएमओ संजय भटनागर ने बताया कि कोराना वायरस से बचने के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ी है। यही कारण है कि मामूली नजला जुखाम होने पर डॉक्टर के यहां पहुंच रहे हैं। जांच में इन्हें सामान्य कोल्ड फ्लू ही मिल रहा है। जिले में कोराना का कोई केस नहीं है। जागरूकता ही इसका सबसे बड़ा बचाव है। खांसी, नजले के मरीज सरकारी अस्पतालों में भी आ रहे हैं और सबको सामान्य कोल्ड फ्लू है। बुखार के मरीजों के अलग से उपचार की व्यवस्था की गई है। इसके लिए सबसे बेहतर होगा कि लोग भीड़ भाड़ वाली जगहों में जाने से बचें। इसके अलावा लायंस क्लब क्राउन ने लोगों को कोरोना वायरस के प्रति सजग करने के लिए रेलवे स्टेशन पर जाकर यात्रियों को थ्री लेयर के एक हजार मास्क बांटे। लोगों को इस वायरस से बचने के उपाय सुझाए। कहा कि ये ऐहतियात ही इसके बचाव का एक उपाय है। इसके प्रति हम सबको मिलकर लड़ना होगा। मौके पर संजय संगल, नीलेश वशिष्ठ, सचिव गौरव मित्तल, सौरभ गोयल, आशु गर्ग, अमित श्याम, प्रदीप विश्वकर्मा, अंकुर गोयल आदि रहे।