कैराना। विधानसभा चुनाव के दौरान फोर्स के ठहरने के स्थानों का एडीजी मेरठ जोन ने निरीक्षण किया। इस दौरान अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। विधानसभा चुनाव के दौरान कैराना विधानसभा क्षेत्र में कई स्थानों पर अर्द्धसैनिक बलों के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। रविवार को मेरठ जोन के एडीजी राजीव सभरवाल ने अर्द्धसैनिक बलों के ठहरने के संभावित स्थान विजय सिंह पथिक महाविद्यालय, भास्कर इंटरनेशनल स्कूल, बनखंडी महादेव मंदिर, पब्लिक इंटर कॉलेज और पानीपत रोड स्थित बालाजी आईटीआई सेंटर पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान एडीजी ने सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था आदि दुरूस्त करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसपी सुकीर्ति माधव, एएसपी ओपी सिंह, सीओ जितेंद्र कुमार और कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान मौजूद रहे।
लाइसेंसी हथियार जमा कराने शुरू
चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही थाना क्षेत्र के सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों से पुलिस ने हथियार थाने में जमा कराने शुरू कर दिए हैं। थाना कैराना क्षेत्र में कुल 738 लाइसेंसी हथियार है। वहीं, शनिवार को चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस ने अलग-अलग माध्यमों से शस्त्र लाइसेंस धारकों को थाने में अपने शस्त्र जमा कराने के लिए अवगत कराया था। जिसके चलते रविवार सुबह कोतवाली में लाइसेंसी शस्त्र जमा कराने के लिए एक अलग से डेस्क बनाई गई। शस्त्र जमा कराने के पहले दिन रविवार को चार लोगों ने अपने लाइसेंसी हथियार कोतवाली में जमा करा दिए थे।