Shamli News: चुनाव में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर होगी कार्रवाई,
-प्रत्येक दशा में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण चुनाव कराना पुलिस-प्रशासन की जिम्मेदारी
-डीएम और एसपी ने जिला व बाहर से आए पुलिस बल को किया ब्रीफ
विस्तार
करनाल रोड स्थित बैंकट हॉल में डीएम व एसपी ने जिला और चुनाव ड्यूटी के लिए गैर जनपद से आए पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को ब्रीफ किया। डीएम रविंद्र सिंह ने सभी कर्मियों को मतदान ड्यूटी का महत्व बताते हुए कहा कि प्रत्येक दशा में जनपद में शांतिपूर्ण चुनाव होना है। इसकी तैयारियां जिला पुलिस-प्रशासन ने की है। इस अवधि में बड़ी संख्या में निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़ें: Nikay Chunav 2023: पोलिंग पाटियां रवाना, पढ़ें- पश्चिमी यूपी के किन जिलों में कल होना है मतदान
उन्होंने कहा कि जनपद की पुलिस और गैर जनपदों से आए पुलिस बल मिलकर तय करेंगे कि मतदान निष्पक्ष हो, जिसके लिए कोई भी पोलिंग एजेंट मतदान स्थल के अंदर उपस्थित न रहे। डीएम ने कहा मतदान केंद्र में व्यवस्था बनाए रखना सुरक्षाकर्मियों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि जिला पुलिस-प्रशासन मतदान को सकुशल संपन्न कराने में सफल रहेगा।
एसपी अभिषेक ने सभी पुलिसकर्मियों से कहा कि चुनाव वाले दिन मतदान केंद्र में भीड़ न लगने दें और मतदान केंद्र के आसपास मतदान करने के बाद कोई न रुके। प्रत्याशियों के समर्थकों द्वारा लगाए गए बस्ते निर्धारित दूरी पर ही रहें। यदि कोई चुनाव में माहौल बिगाड़ने का तनिक भी प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बताया सभी फोर्स पोलिंग पार्टी के साथ निर्धारित वाहन में रवाना होगा और मतदान केंद्र पर ही रहकर पोलिंग पार्टी, मतपेटियों व मतपत्रों की सुरक्षा करेंगे। मतदान के बाद मतपेटियों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक जमा कराएंगे।
ब्रीफिंग में एडीएम संतोष कुमार, एएसपी ओपी सिंह, सीओ सिटी बिजेंद्र भड़ाना, सीओ कैराना अमरदीप सिंह, सीओ थानाभवन श्रेष्ठा ठाकुर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, जिले के सभी थाना प्रभारी और गैर जनपद से आए सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।