कृषि कानून के विरोध में हाईवे पर लगाया सांकेतिक जाम
कांधला। कस्बे के दिल्ली सहारनपुर हाईवे गांव पंजोखरा के समीप कृषि कानूनों के विरोध एवं बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर हिंद आर्मी व राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से जाम लगाया। सांकेतिक धरने के बाद एसडीएम को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन देकर धरना समाप्त किया गया।
धरने के दौरान जिलाध्यक्ष संजीव फौजी ने कहा कि देश का किसान लाचार व मजबूर है। देश की खुशहाली का रास्ता किसान के खेत से होकर गुजरता है, लेकिन किसान को अपनी रोजी-रोटी के लाले पड़े हैं। फसलों का दाम समय पर नहीं मिल रहा है। इसके साथ ही हाल ही में बनाए गए कृषि कानून से किसान और कृषि को खत्म करने की तैयारी है। हाईवे पर धरने की सूचना पर एसडीएम शामली भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। एसडीएम के समझाने के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया। दोनों संगठन के कार्यकर्ताओं ने अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन देने के बाद धरना समाप्त किया। इस दौरान वहां पर सुरक्षा के चलते भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान वहां पर हिंद आर्मी के संस्थापक नितिन गोस्वामी, सूरज वीर हुड्डा, शिवम कासना, संदीप चौहान आदि लोग मौजद रहे।

कांधला क्षेत्र में कृषि कानूनों के विरोध में ज्ञापन देते किसान व अन्य।- फोटो : SHAMLI