शामली। एक दिन की राहत के बाद कोरोना संक्रमण ने ऊंची छलांग लगाई है। तीसरी लहर में अब तक एक दिन में रिकार्ड सबसे अधिक 306 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। कोरोना में 150 मरीज स्वस्थ हुए हैं। अब जिले में 753 सक्रिय केस हो गए हैं। शहर के एक कान्वेंट स्कूल की प्रधानाचार्या भी कोरोना संक्रमित मिली है।
जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन लोगों की लापरवाही कम नहीं हो रही है। बाजारों में सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं हो रहा है और अधिकतर लोग मास्क भी नहीं लगा रहे हैं। शनिवार को आई सैंपलों की जांच रिपोर्ट में 306 और लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। नए मामलों में स्वास्थ्य विभाग के अलावा पुलिस, बैंक, एलआईसी, बिजलीघर समेत कई सरकारी विभागों के कर्मचारी कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। नए संक्रमितों में पुलिस कार्यालय के 13 पुलिसकर्मी, शहर कोतवाली के छह पुलिसकर्मी, जिला अस्पताल के पांच स्वास्थ्य कर्मी, बैंकों के सात कर्मचारी, एलआईसी के पांच कर्मचारी और खेड़ीकरमू बिजलीघर के पांच कर्मचारी और शहर के एक कान्वेंट स्कूल की 53 वर्षीय प्रधानाचार्या कोरोना संक्रमित मिली हैं। इनके अलावा शहर के अलग-अलग मोहल्लों के करीब 50 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। इसके अलावा बनत के तीन, सिंभालका, लिलौन, झाल, समसपुर, सुन्हेंडा, खेड़ीकरमू, कंडेला, दुगड्डा, जिजौला, लहरीपुर में एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। कस्बा कैराना में सात, थानाभवन में चार, गाजीपुर में आठ,हरड़ में छह, हिरनवाड़ा में चार लोग कोरोना संक्रमित मिले। सीएमओ संजय अग्रवाल ने बताया कि जिले में 306 लोग और कोरोना संक्रमित मिले हैं जबकि 150 मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिले में सक्रिय केस की संख्या 753 हो गई है। सीएमओ ने लोगों से कोरोना से बचाव के लिए सभी जरूरी सावधानी बरतने की लोगों से अपील की है।