शामली। आदर्श मंडी थाना पुलिस ने मेरठ-करनाल हाईवे पर चेकिंग के दौरान ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही पंजाब मार्का की करीब 200 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने चालक और सहचालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि ट्रक मालिक फरार हो गया। शराब को पंजाब से ट्रक में साइकिल के टायरों के बंडल में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस ने बरामद शराब की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई है।
शुक्रवार को सीओ सिटी विनय गौतम ने प्रेसवार्ता में बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे मादक एवं नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान आदर्श मंडी थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि हरियाणा की तरफ से ट्रक में छिपाकर बड़ी मात्रा में शराब लाई जा रही है। थाना प्रभारी ने टिटौली चेकपोस्ट पर पुलिस टीम के साथ वाहनों की चेेकिंग शुरू की। इसी दौरान हरियाणा के करनाल की तरफ से आए दस टायरा ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, तो उसमें पंजाब की एक कंपनी के टायर और ट्यूब के बंडलों के बीच छिपाई गई पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब की करीब 200 पेटी बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ट्रक के चालक आकाश शर्मा निवासी रघुनाथपुर सहजनगर नौसा जिला नालंदा बिहार और सहचालक मोती रविदास निवासी रतनपुर चौपारन हजारी बाग झारखंड को गिरफ्तार कर लिया। गाड़ी का मालिक मनप्रीत निवासी न्यू शक्तिनगर लुधियाना, पंजाब फरार हो गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब को टायरों के बंडलों के बीच लुधियाना से लोड करके ट्रक मालिक के साथ बिहार ले जा रहे थे। ट्रक मालिक के बताने पर शराब को बिहार में किसी स्थान पर उतारा जाना था, इसकी उन्हें पहले से कोई जानकारी मालिक ने नहीं दी थी। प्रेसवार्ता के समय थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह और पुलिस टीम मौजूद रही।