कुर्रियाकलां। चौहनापुर गांव के दक्षिणी हिस्से में क्षतिग्रस्त हुए खड़ंजा मार्ग की ग्रामीणों ने कई बार मरम्मत कराने की मांग की, लेकिन उनकी फरियाद नहीं सुनी गई। अंतत: कुछ ग्रामीणों ने बुधवार को स्वयं रास्ते की मरम्मत कर उसे आवागमन लायक बना लिया।
इस रास्ते में कई जगह ईंटें हट गईं और वहां गहरे गड्ढे हो गए। यह रास्ता प्राइमरी स्कूल के गेट से होकर गुजरता है। इसलिए स्कूली बच्चों को भी निकलने में काफी परेशानी हो रही थी। समस्या की सुनवाई और समाधान नहीं होने पर गांव के युवा सुमित त्रिपाठी आगे आए। उन्हाेंने अन्य ग्रामीणों की मदद से अपने खर्चे पर मिट्टी और राख डालने के बाद वहां ईटें बिछाकर रास्ता ठीक कर दिया। इस कार्य में गांव के सचिन कुमार, शरद त्रिपाठी, सुनील, चंदन, नितिन आदि युवाओं का सहयोग रहा। संवाद