Shahjahanpur News: हत्या की रिपोर्ट दर्ज... फिर भी आरोपियों पर कार्रवाई नहीं, धरने पर बैठा पीड़ित परिवार
कटरा के मोहल्ला तहवारगंज निवासी मुन्नालाल ने बताया कि आठ जुलाई को उनके पुत्र अशोक की हत्या कर दी गई थी। उसका शव आढ़त के पीछे पड़ा मिला था। पिता ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई है।
विस्तार
शाहजहांपुर में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपियों पर कार्रवाई न होने से आहत पीड़ित परिवार के साथ बहुजन क्रांति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान डीएम और एसपी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया।
धरने पर बैठे थाना कटरा के मोहल्ला तहवारगंज निवासी मुन्नालाल ने बताया कि उनका पुत्र अशोक (24) कटरा मंडी स्थित में आढ़त पर नौकरी करता था। आठ जुलाई को आढ़त संचालक अखिलेश, दीपक, राहुल आदि ने अशोक को शाम 4:00 बजे सब्जी की गाड़ी उतारने के लिए बुलाया था। इन लोगों द्वारा साजिश के तहत अशोक की हत्या कर दी और सबको आढ़त के पीछे ले जाकर फेंक दिया। उसके हाथ में इन्वर्टर का तार पकड़ा दिया, जिससे लोग करंट से मौत होना समझें।
समझौते का बनाया जा रहा दबाव
मुन्ना लाल ने बताया कि उन्होंने तहरीर देकर थाना कटरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन अभी तक आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनको डरा धमकाकर समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित की मांग है कि जांच कराकर आरोपियों पर कार्रवाई की जाए।
धरना प्रदर्शन करने वालों में बहुजन क्रांति पार्टी के राष्ट्र महासचिव इंद्रपाल कश्यप, सुनील कुमार, हरिओम, धर्मेंद्र, श्रीपाल, श्याम पाल, सुखराम, चंद्रपाल, रामगुनी, आरती आदि शामिल रहे।