Nagar Nikay Chunav: ओबीसी महिला होगी शाहजहांपुर की पहली मेयर, दो नगर पालिका सीटों के आरक्षण में बदलाव
दिसंबर की शुरुआत में घोषित आरक्षण सूची में शाहजहांपुर की नगर निगम सीट को सामान्य वर्ग में रखा गया था। अब यह सीट ओबीसी वर्ग की महिला के लिए आरक्षित की गई है।
विस्तार
चार महीने की ऊहापोह के बाद गुरुवार को नगर निगम के साथ ही नगर पालिका और नगर पंचायतों के अनंतिम आरक्षण की घोषणा कर दी गई। नए आरक्षण के तहत शाहजहांपुर की पहली मेयर पिछड़ा वर्ग की महिला होगी। इसी तरह दो नगर पालिका और आठ नगर पंचायतों के आरक्षण में फेरबदल होने से सियासी पारा चढ़ने के साथ ही राजनीतिक दल जीत की रणनीति बनाने में जुट गए हैं। जलालाबाद नगर पालिका को फिर से अनारक्षित श्रेणी में रखा गया है। वहीं, नगर पंचायत में पिछड़ा वर्ग का प्रतिनिधित्व बढ़ाया गया है।
दिसंबर की शुरुआत में घोषित आरक्षण सूची में शाहजहांपुर की नगर निगम सीट को सामान्य वर्ग में रखा गया था। अब यह सीट ओबीसी वर्ग की महिला के लिए आरक्षित की गई है। चार महीने से सीट अनारक्षित होने की उम्मीद में तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों के अरमानों पर पानी फिर गया है।
सपा से लगातार तीन बार नगर पालिका अध्यक्ष रहे जिलाध्यक्ष तनवीर खां को भी झटका लगा है। वह पहली बार हो रहे मेयर का चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। अब सपा के सामने ओबीसी वर्ग की दमदार महिला प्रत्याशी को ढूंढ़ने की चुनौती है। भाजपा से टिकट मांग रहे कई लोगों को हताशा हाथ लगी है। ओबीसी वर्ग से आने वाले भाजपाइयों ने आरक्षण की घोषणा होते ही पार्टी के बड़े नेताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है।
पुवायां व जलालाबाद अनारक्षित, तिलहर पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित
पहले जारी किए आरक्षण में पुवायां नगर पालिका पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित थी। इससे सामान्य वर्ग के दावेदार हाथ मलकर रह गए थे। कई लोगों ने इसको लेकर आपत्तियां भी दाखिल की थीं। अब जारी हुई सूची में नगर पालिका को अनारक्षित घोषित किया गया है।इससे पिछड़े वर्ग से जीत पक्की मान रहे संभावित दावेदार उदास हैं। वहीं, सामान्य वर्ग के संभावित प्रत्याशी काफी खुश हैं। तिलहर नगर पालिका पहले अनारक्षित श्रेणी में थी। इस बार सीट को पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित कर दिया गया है। जलालाबाद नगर पालिका इस बार भी अनारक्षित रखी गई है।
नगर पंचायत सीटों में फेरबदल
जिले की सभी आठ नगर पंचायत सीटों के आरक्षण बदलाव किया है। पिछली बार एक भी सीट पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित नहीं की गई थी। इस बार कटरा और निगोही को पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया है। अल्हागंज नगर पंचायत पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित की गई है। ये तीनों सीटें पहले अनारक्षित की गईं थीं।
नवगठित बंडा नगर पंचायत में पहली बार चुनाव होना है। यह सीट पहले महिला के लिए आरक्षित थी और नई अनंतिम सूची में अनारक्षित है। इस कारण यहां सभी को चुनाव मैदान में ताकत आजमाने का मौका मिलेगा। महिला के लिए आरक्षित खुदागंज और कलान सीट भी अनारक्षित श्रेणी में रखी गईं हैं।
नगर पंचायत खुटार में चेयरमैन पद के लिए अब तक सात चुनाव हो चुके हैं। खास बात यह है कि सातों बार यह सीट सामान्य रही। इस बार सीट अनंतिम सूची में अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित होने से चेयरमैन पद के लिए ताल ठोंक रहे सामान्य और पिछड़ा वर्ग के लोगों को बड़ा धक्का लगा है। वर्तमान चेयरमैन अनुपम शुक्ला चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। कांट सीट पहले अनारक्षित श्रेणी में थी, इस बार इसे महिला के लिए आरक्षित किया गया है।
1.शाहजहांपुर नगर निगम - ओबीसी महिला
नगर पालिका
1. पुवायां - अनारक्षित
2. जलालाबाद अनारक्षित
3. तिलहर पिछड़ा वर्ग
नगर पंचायत
1. खुटार- अनुसूचित जाति महिला
2. बंडा- अनारक्षित
3. खुदागंज अनारक्षित
4. कलान अनारक्षित
5. अल्हागंज पिछड़ा वर्ग महिला
6. कटरा पिछड़ा वर्ग
7. कांट महिला
8. निगोही पिछड़ा वर्ग