UP: शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर साथी की तलाश में चलती ट्रेन से कूदे यात्री, दरोगा ने बचाया; देखें वीडियो
टनकपुर से सिंगरोली जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस से कुछ युवक कूद पड़े। उन्हें दरोगा ने बचा लिया। इस बीच ट्रेन की चेन खींचकर कुछ देर के लिए रोका गया।
विस्तार
शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर टनकपुर से सिंगरोली जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस में सफर के दौरान भीड़ की वजह से शुक्रवार को यात्रियों को काफी मुसीबतें झेलनी पड़ीं। दो यात्री चलती ट्रेन से कूद गए। एक पटरियों पर नीचे गिरने लगा तो दरोगा ने उसे खींचकर बचाया। महिला व बच्चों की ट्रेन छूट गई। पीछे दौड़ने पर चेन खींचकर उन्हें चढ़ाया गया।
एक यात्री को तिलहर में मिर्गी का दौरा पड़ने पर ट्रेन रोकी गई। उन्नाव में पुल पर मरम्मत कार्य की वजह से राज्यरानी एक्सप्रेस निरस्त कर दी गई है। इस वजह से लखनऊ रेल मार्ग पर एक मात्र त्रिवेणी एक्सप्रेस ही दोपहर में सफर का विकल्प है। इस ट्रेन का शाहजहांपुर में आने का समय दोपहर 12:34 बजे का है।
पहले से देरी से चल रही ट्रेन के इंजन से पीछे वाली जनरल बोगी में यात्री को मिर्गी का दौरा पड़ गया। किसी यात्री ने हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दी तो कंट्रोल रूम के आदेश पर तिलहर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोका गया। एंबुलेंस से यात्री को सीएचसी भेजा गया। वहां से ट्रेन चली तो यहां 1:35 बजे आई।
सीट के लिए मची मारामारी
ट्रेन में सीट घेरने के लिए यात्रियों में मारामारी मच गई। दो मिनट के स्टॉपेज के बाद ट्रेन आगे बढ़ी तो कई यात्री नीचे रह गए। वहीं, साथ में आए दो युवक ट्रेन की अलग-अलग बोगियों में सवार हुए। दोनों को लगा कि उनका साथी प्लेटफॉर्म पर छूट गया है तो वे ट्रेन से कूद पड़े। एक यात्री प्लेटफॉर्म के नीचे आते-आते बचा।
उसी बोगी में सफर कर रहे दरोगा ने नीचे उतरने के बाद उसे खींचकर बचाया। कूदे उसके साथी को भी ट्रेन के पास से खींचकर दूर किया। वहीं, एक महिला का पति ट्रेन में सवार हो गया और गाड़ी चल दी। महिला अपने बच्चों के साथ ट्रेन को रुकवाने का प्रयास करने के लिए पीछे दौड़ी तो किसी ने चेन खींची।
ट्रेन में घुसने के लिए लाइन नंबर दो पर खड़े हो गए यात्री
शुक्रवार को ट्रेन आने से पहले सीट घेरने के लिए यात्री लाइन नंबर दो पर खड़े हो गए। पूछताछ काउंटर से एनाउंस होने के बाद जीआरपी के दरोगा करुणेश शुक्ला व सीएमआई एसके ठाकुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने दो नंबर लाइन से रनथ्रू ट्रेन गुजरने से हादसा होने की आशंका के चलते यात्रियों को लाइन से हटाया।
जननायक एक्सप्रेस के लगेज कोच में घुसे यात्री
अप लाइन की 15211 जननायक एक्सप्रेस के लगेज कोच में यात्री घुस गए। उन्हें मना किया तो यात्री हंगामा करने लगे। इस बीच पूछताछ काउंटर से एनाउंस किया, पर सुरक्षाकर्मी नहीं पहुंचे। इसके चलते ऐसे ही गाड़ी चला दी गई। शुक्रवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जननायक एक्सप्रेस को लाइन नंबर चार पर लिया गया।
ट्रेन आने से पहले ही यात्रियों की भीड़ लाइन नंबर चार पर पहुंच गई थी। पहले से भरी गाड़ी में सवार होने के लिए यात्रियों ने प्रयास किया। जगह नहीं मिलने पर लगेज कोच में घुस गए। गार्ड की सूचना पर पूछताछ काउंटर से जीआरपी और आरपीएफ को पहुंचने के लिए कहा गया, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। काफी देर इंतजार के बाद चालक ने गाड़ी को चला दिया।