शाहजहांपुर में करंट से दो बच्चों की मौत: घर से खेलने निकले थे दोनों मासूम भाई, दर्दनाक हादसे का हुए शिकार
जलालाबाद क्षेत्र में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। गांव याकूबपुर में घर के बाहर खेल रहे दो बच्चों की करंट लगने से मौत हो गई। दोनों बच्चे घर के बाहर विद्युत पोल के सपोर्ट में लगाए गए लोहे की तार के चपेट में आ गए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के जलालाबाद थाना क्षेत्र के याकूबपुर गांव निवासी शरीफ के छह साल के बेटे अयान और चार साल के अरमान की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। घटना के समय दोनों भाई घर के बाहर खेल रहे थे। दो बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बच्चों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है।
शरीफ रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। वह सुबह सात बजे घर से रिक्शा लेकर चला गया था। उसकी पत्नी परवीन घर के कामकाज में लगी थी। इसी बीच उसके बेटे अयान व अरमान घर के बाहर खेलने निकल गए। शरीफ के घर से कुछ फासले पर असलम का घर है। वहां लगे बिजली के खंभे के सपोर्ट के लिए एक लोहे का तार पास में ही जमीन पर लगा हुआ है।
ये भी पढ़ें- Jyoti Maurya Case: अब बढ़ीं SDM ज्योति मौर्य की मुश्किलें!, सफाईकर्मी पति की डायरी में सबूत; जानें पूरा मामला
बारिश के चलते तार में उतर आया था करंट
दोनों भाई खेलते वहां पहुंच गए और एक-एक कर दोनों ने तार पकड़ लिया। बरसात के चलते तार में करंट उतर आया था। करंट लगने से झुलसे दोनों बच्चे वही गिर गए। करीब आठ बजे एक भिक्षा मांगने पहुंचे व्यक्ति ने गली में बच्चों को पड़ा देखा।
उसने आवाज लगाई, जिसे सुनकर मां परवीन सहित आसपास के अन्य लोग बाहर निकले। तब घटना का पता लगा। तुरंत वह लोग बच्चों को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दो बेटों की मौत से माता पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शरीफ के दो साल का एक बेटा फरमान है।
बारिश के चलते गली में रहा सन्नाटा
जिस समय घटना हुई। उस समय हल्की बारिश होने लगी। इस वजह से कोई घर से बाहर नहीं निकला।जिसके चलते बच्चों की मौत की जानकारी भी लोगों को नहीं हो सकी। करीब 30 मिनट तक शव पड़े रहे। भिक्षा मांगने वाले व्यक्ति के आवाज देने के बाद आसपास के लोग इकट्ठा हुए।
ये भी पढ़ें- बरेली में युवक की हत्या: चर्च परिसर के खंडहरनुमा कमरे में मिला शव, ईंट से कुचला गया सिर
गमगीन माहौल में शव किए दफन
हादसे के बाद पुलिस ने भी मौका-मुआयना किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने इन्कार कर दिया। इसके बाद गमगीन माहौल में शवों को नजदीक के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।