तिलहर। क्षेत्र के गांव सहवेगपुर निवासी सुरेंद्र की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार दोपहर खानपुर चौराहा पर घेराबंदी कर आरोपी सुखदेव, वासुदेव और गोविंद को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी समेत पांच की तलाश में दबिश दीं गईं।
बृहस्पतिवार की रात शराब बेचने को लेकर हुए विवाद में सुरेंद्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई सोनपाल ने सुखदेव, वासुदेव, सतीश, अमित, दिलीप, बीपी, गोविंद और प्रधान के पति सुरेंद्र समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बताया था कि प्रधान के पति अपनी चाची सुदामा से कच्ची शराब बनवाकर उसकी बिक्री करवाता है। विरोध करने पर सभी ने लाठी-डंडों और बांके से हमला कर भाई सुरेंद्र को मार दिया। सीओ तिलहर विदुष सक्सेना ने बताया कि रविवार को सुखदेव, वासुदेव और गोविंद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। संवाद