कांट। एसडीएम सदर प्रभात राय ने शनिवार को नगर पंचायत के सभागार में व्यापारियों के साथ बैठक कर सफाई व्यवस्था, नालों पर अतिक्रमण और नवनिर्मित बाजार को व्यवस्थित रखने आदि मुद्दों को लेकर चर्चा की। इस मौके पर उन्होंने व्यापारियों से नगर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि लिपुलेख-भिंड हाईवे के दोनों ओर बनाए गए लोक निर्माण विभाग के नालों पर किसी भी तरह का दोबारा कब्जा मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने हाईवे के किनारे की दुकानों को एकरूपता देने के लिए सभी दुकानों को एक ही रंग में रंगने पर भी जोर देते हुए कहा कि इससे बाजार का स्वरूप पहले से बेहतर और व्यवस्थित नजर आएगा। इस दौरान व्यापारियों ने पीडब्ल्यूडी के नाले ऊंचे बनाए जाने और पानी के निकास की समस्या बताई। इस पर एसडीएम ने पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं से वार्ता कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। बैठक में अधिशासी अधिकारी नूरजहां सहित रजनीश कश्यप, मुकेश गुप्ता, रवि कुमार, शुएब, इदरीस आदि मौजूद रहे। संवाद