पुवायां। पुवायां के खुटार रोड स्थित बालाजी धाम में हनुमान प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के लिए कार्यक्रम का शुभारंभ कलशयात्रा के साथ हो गया।
सोमवार को श्रद्धालु बालाजी धाम परिसर में एकत्र हुए। यहां से स्वामी गजेंद्रानंद महाराज के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालु कलश लेकर जल भरने रवाना हुए। हरेराम मंदिर पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने स्नान और पूजा कर जलभरा और देवताओं की जयकार करते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंचे। इसके बाद अग्नि स्थापना, जलाधिवास कार्यक्रम संपन्न कराए गए।
तीन फरवरी को चीनी अधिवास, फल अधिवास, रतन अधिवास, पांच फरवरी को हवन, पूजन के बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी। छह फरवरी को हवन के बाद प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होगी और पूर्णाहुति के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति की ओर से 20 रुपये में भोजन थाल की व्यवस्था भी शुरू कराई जा रही है, जो निरंतर चलती रहेगी। संवाद