UP News: शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में महिला मरीज से दुष्कर्म, आरोपी सफाईकर्मी गिरफ्तार
शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में एक महिला मरीज से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला ने सफाई कर्मचारी पर आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में अच्छे इलाज कराने का झांसा देकर महिला मरीज को सोमवार सुबह शौचालय में ले जाकर आउटसोर्सिंग पर तैनात सफाई कर्मचारी ने दुष्कर्म किया। किसी तरह छूटकर मेडिकल कॉलेज की चौकी पर पहुंची महिला ने आपबीती बताई। इसके बाद एसपी राजेश द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने कांट के मोहल्ला गढ़ी पूर्वी निवासी आरोपी जयशंकर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
कांट के एक गांव की रहने वाली महिला ने चौक कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि तीन दिन पहले उसने अपने जेठ को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। रविवार शाम उसके पति घर से कपड़े व सामान लेने के लिए चले गए। इसके बाद वह कुछ सामान खरीदने के लिए अस्पताल से निकलकर नजदीक में ही अजीजगंज गई थी। वहीं वह बेहोश होकर गई। इस पर उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में ही भर्ती कराया गया।
महिला ने बताया कि सोमवार सुबह उसको सफाईकर्मी जयशंकर मिला। जयशंकर उसका परिचित था। उसने अस्पताल में अच्छा इलाज दिलाने का झांसा दिया। डॉक्टर से मिलवाने की बात कहकर महिला को लेकर तीसरी मंजिल पर पहुंचा। वहां जबरदस्ती शौचालय में ले जाकर दुष्कर्म किया।
अफसरों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
मामला संज्ञान में आने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने आरोपी जयशंकर को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल कॉलेज में दुष्कर्म की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई। एसपी राजेश द्विवेदी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार व सीओ सिटी पंकज पंत के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी से पूछताछ की।
यह भी पढ़ें- बदायूं में मुठभेड़: किन्नर के घर से एक करोड़ से अधिक की चोरी करने वाले नौ बदमाश गिरफ्तार, गोली लगने से दो घायल
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि महिला ने शौचालय में ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला का इलाज चल रहा है।